scorecardresearch
 

BJP में बड़े फेरबदल की आहट! PM मोदी के घर पर हुई केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक, शाह-नड्डा भी रहे मौजूद

पीएम मोदी के आवास पर बीजेपी की केंद्रीय चुनाव समिति की हाई लेवल बैठक हुई. इस दौरान आगामी राज्यसभा चुनाव, उपचुनाव और विधान परिषद चुनावों की रणनीति पर चर्चा हुई. बैठक के बाद संगठनात्मक पुनर्गठन और नई टीम गठन की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई. ये बैठक मौजूदा केंद्रीय चुनाव समिति की अंतिम बैठक मानी जा रही है.

Advertisement
X
बीजेपी की इस बैठक में राज्यसभा और विधान परिषद चुनावों की रणनीति पर चर्चा हुई. (File Photo: ITG)
बीजेपी की इस बैठक में राज्यसभा और विधान परिषद चुनावों की रणनीति पर चर्चा हुई. (File Photo: ITG)

पीएम मोदी के आवास पर बीजेपी की केंद्रीय चुनाव समिति की अहम बैठक हुई. करीब दो घंटे तक चली इस बैठक में आगामी राज्यसभा चुनाव, राज्यसभा उपचुनाव और कई राज्यों में होने वाले विधान परिषद चुनावों को लेकर चर्चा की गई.

बैठक में बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव बीएल संतोष, जेपी नड्डा, देवेंद्र फडणवीस समेत केंद्रीय चुनाव समिति के दूसरे सदस्य मौजूद रहे.

सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में 10 राज्यों की 24 राज्यसभा सीटों पर होने वाले चुनावों के साथ-साथ तीन राज्यसभा सीटों पर प्रस्तावित उपचुनावों की रणनीति पर चर्चा हुई. महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में होने वाले विधान परिषद चुनाव भी बैठक के एजेंडे में शामिल रहे.

चुनावी तैयारियों पर बड़ी चर्चा

बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन और बीएल संतोष ने चुनावी तैयारियों, संभावित उम्मीदवारों और अलग-अलग राज्यों की राजनीतिक स्थिति को लेकर विस्तृत प्रस्तुति दी. बैठक में ये आकलन भी सामने रखा गया कि बीजेपी इस बार अपनी मौजूदा संख्या से तीन से चार ज्यादा राज्यसभा सीटें जीत सकती है.

Advertisement

सूत्रों के मुताबिक पीएम मोदी ने चर्चा के दौरान संबंधित राज्यों को अपनी-अपनी राज्यसभा सीटों के संबंध में समीक्षा करने और पूरी तैयारी करने का सुझाव दिया. उन्होंने कहा कि राज्यों से मिलने वाले फीडबैक और आकलन के आधार पर पार्टी अध्यक्ष आखिरी फैसला लें.

क्यों अहम मानी जा रही बीजेपी की ये बैठक?

बैठक में विधान परिषद चुनावों के उम्मीदवारों के सिलेक्शन के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष और संबंधित राज्य इकाइयों को अधिकृत किए जाने पर भी सहमति बनी. राजनीतिक नजरिए से ये बैठक इसलिए भी अहम मानी जा रही है क्योंकि आमतौर पर राज्यसभा उम्मीदवारों के चुनाव के लिए बीजेपी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक नहीं बुलाई जाती.

केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक खत्म होने के बाद प्रधानमंत्री मोदी के साथ बीजेपी के शीर्ष नेताओं की एक अलग बैठक भी हुई. इसमें नितिन नबीन, अमित शाह, राजनाथ सिंह और बीएल संतोष शामिल हुए.

सूत्रों का कहना है कि इस बैठक में संगठनात्मक तैयारियों की समीक्षा की गई और राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर होने वाली नियुक्तियों पर चर्चा हुई. पार्टी के भीतर चल रही संगठनात्मक पुनर्गठन प्रक्रिया को लेकर भी बातचीत हुई.

नई टीम बना सकते हैं नितिन नबीन

बीजेपी के अंदरूनी सूत्रों का मानना है कि अगले सप्ताह पार्टी अध्यक्ष नितिन नबीन अपनी नई टीम का गठन कर सकते हैं. ऐसे में रविवार को हुई केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक को मौजूदा समिति की आखिरी बैठक के रूप में भी देखा जा रहा है.

Advertisement

यह भी पढ़ें: नितिन नवीन के बैक-टु-बैक दौरे, बीजेपी की युवा टीम चुनने की तैयारी तेज

इसी कड़ी में नितिन नबीन ने सोमवार को बीजेपी के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक भी बुलाई है. पार्टी के भीतर इसे मौजूदा राष्ट्रीय पदाधिकारी टीम की संभावित आखिरी बैठक माना जा रहा है. माना जा रहा है कि इसके बाद बीजेपी जल्द ही नई संगठनात्मक टीम और अलग-अलग स्तरों पर नई नियुक्तियों की घोषणा कर सकती है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement