कर्नाटक के बेंगलुरु में एक हैरतअंगेज ठगी का मामला सामने आया है. खुद को कांग्रेस हाईकमान का करीबी बताकर आरोपी ने मंगलुरु की एक महिला को MLC नामांकन दिलाने का झांसा दिया और ₹1.5 करोड़ की धोखाधड़ी की.
शिकायतकर्ता के मुताबिक, आरोपी येरिस्वामी ने खुद को कांग्रेस हाईकमान का करीबी बताकर उससे मुलाकात की थी. आरोपी ने दावा किया था कि वह कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं का मीडिया सलाहकार है. उसने महिला को अपने झांसे में फंसाने के लिए शीर्ष नेताओं के साथ कथित तौर पर अपनी तस्वीरें भी दिखाई.
येरिस्वामी ने महिला को MLC बनाने का झूठा लालच दिया. दरअसल, शिकायतकर्ता महिला एक प्राइवेट ट्रस्ट के माध्यम से कैंसर जागरूकता अभियान के जरिए समाज सेवा का काम करती है, ऐसे में येरिस्वामी ने महिला से कहा कि वह MLC बनने की पूरी हकदार है. इसके बाद आरोपी ने महिला से 5 करोड़ रुपये की मांग की, लेकिन धीरे-धीरे उसने यह रकम 1.25 करोड़ कर दी.
यह भी पढ़ें: इस व्यापारी के घर से इतना मिला कैश कि गिनती करते-करते थक गई पुलिस! करोड़ों का सोना भी बरामद
महिला ने दावा किया कि उसने बेंगलुरु स्थित मैसूर बैंक सर्कल और मल्लेश्वरम स्थित K.C. जनरल अस्पताल के पास की जगहों पर अगस्त 2024 से जनवरी 2025 के बीच आरोपी येरिस्वामी और उसके साथियों सिद्दाराजू और बसवराजू को डेढ़ करोड़ की राशि का भुगतान किया.
महिला का आरोप है कि आरोपी येरिस्वामी AICC नेताओं द्वारा इंटरव्यू के लिए बुलाए जाने का झांसा देकर उसे दिल्ली ले गया. वहां एक निजी होटल में आरोपी ने कथित तौर पर उसके कमरे का दरवाजा खटखटाया और उसके साथ गलत व्यवहार करने की कोशिश की. महिला का दावा है कि उसने इस व्यवहार का विरोध किया और खुद को कमरे में बंद कर लिया.
इसके बाद जब महिला ने अपने पैसे वापस मांगे तो येरिस्वामी ने उसे जान से मारने की धमकी दी. पीड़िता की तहरीर पर हलसुरु गेट पुलिस ने येरिस्वामी, बसवराजू और सिद्दाराजू के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है और मामले की गहनता से जांच कर रही है.