पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पत्थर व्यापारी मिनार मंडल के घर से करोड़ों रुपये की नकदी और कई किलो सोना बरामद किया है. खास बात तो ये है कि कुछ सालों पहले तक मिनार मंडल सरकारी बस ड्राइवर थे. लेकिन फिर बाद में अपने रिश्तेदार की व्यापार में मदद करने के लिए उन्होंने यह काम छोड़ दिया.
मोहम्मद बाजार में मिनार मंडल के घर से जितनी नकदी मिली है, उसे गिनने के लिए पुलिस को नोट गिनने वाली मशीनें घर में ले जानी पड़ी. इतना ही नहीं, व्यापारी के घर से कई किलो सोना भी बरामद हुआ है. मिनार मंडल के घर में कई नोट गिनने वाली मशीनें और ट्रंक ले जाते हुए देखे गए. जिससे पता चलता है कि पुलिस की कार्रवाई काफी बड़ी है.
बीरभूम जिले में मिनार मंडल पत्थर के व्यापारी हैं. कुछ साल पहले तक वह एक सरकारी बस ड्राइवर थे. लेकिन फिर उन्होंने नौकरी छोड़कर अपने रिश्तेदार तुलु मंडल की मदद करने का फैसला किया. तुलु मंडल भी पत्थर के व्यापारी हैं. यहीं से मिनार मंडल ने पत्थर का व्यापार करना शुरू कर दिया था.
यह भी पढ़ें: कैसे वापस होती है FIR? पुलिस ऑफिसर्स ने बताया- क्या फिर खत्म हो जाएगी प्रोटेस्टर्स की मुश्किल
पुलिस सुत्रों की मानें तो बीरभूम के मोहम्मद बाजार में मिनार मंडल के घर से कई करोड़ों की नकदी और कई किलो सोना बरामद किया गया है. नोटों की गिनती फिलहाल की जा रही है. नोटों की गिनती खत्म होने के बाद ही पूरी रकम का पता चल पाएगा. शाम तक इस मामले में बड़ी कार्रवाई हो सकती है.
पुलिस की यह कार्रवाई इसलिए भी अहम मानी जा रही है कि क्योंकि कुछ साल पहले तक व्यापारी मिनार मंडल एक सरकारी बस ड्राइवर थे. उनके पास इतनी बड़ी नकदी कहां से आई, कितनी रकम है, कितना किलो सोना उनके घर से बरामद किया गया है यह सब पुलिस के आधिकारिक बयान के बाद ही पता चल पाएगा. फिलहाल पुलिस की कार्रवाई जारी है.