scorecardresearch
 

Spiderman Brand New Day Review: इमोशन्स-एक्शन से भरपूर है टॉम हॉलैंड की स्पाइडरमैन ब्रैंड न्यू डे, कहां छूटी कमी?

बच्चों और बड़े-बूढ़ों का प्यारा स्पाइडरमैन एक बार फिर बड़े पर्दे पर लौट चुका है. MCU का पीटर पार्कर चार साल बाद वापस दुनिया को बचाने आ गया है, जिसमें इस बार उसकी जिंदगी काफी ज्यादा बदल गई है. ट्रेलर से पता चला कि उसके अपनों का साथ छूट गया है, और पीटर भी नए-नए बदलाव देख रहा है. अब क्या स्पाइडरमैन ब्रैंड न्यू डे इन बदलावों के साथ हमें एंटरटेन कर पाया? पढ़िए हमारा रिव्यू...

Advertisement
X
Spiderman Brand New Day Review (Photo source- IMDb)
Spiderman Brand New Day Review (Photo source- IMDb)
फिल्म:स्पाइडरमैन ब्रैंड न्यू डे
3.5/5
  • कलाकार : टॉम हॉलैंड, जैंडेया, मार्क रफ्लो, सैडी सिंक, जॉन बर्नथल
  • निर्देशक :डेस्टिन डेनियल क्रेट्टोन

फ्रेंडली सुपरहीरो की बात आती है, तो सबके मन में स्पाइडरमैन का नाम ही सबसे पहले आता है. एक ऐसा सुपरहीरो, जो अपने जाल की मदद से हवा में उछल-कूद करता रहता है. दुश्मनों को पकड़कर उन्हें सबक सिखाता है. स्पाइडरमैन की फिल्में हर कोई देखता है. पिछले 24 सालों में इसपर 8 फिल्में आ चुकी हैं, और सभी ब्लॉकबस्टर साबित हुई हैं.

सोनी पिक्चर्स और मार्वल स्टूडियो का ये सुपरहीरो सबसे पहले टोबी मैग्वायर ने प्ले किया था. फिर एंड्रयू गारफील्ड की बारी आई और अब टॉम हॉलैंड इसे निभा रहे हैं. उनकी वाली स्पाइडरमैन फिल्मों के तीन पार्ट्स आ चुके हैं, जिसके पिछले पार्ट 'स्पाइडरमैन नो वे होम' में पहले वाले सभी स्पाइडरमैन थे. अब नई वाली 'स्पाइडरमैन ब्रैंड न्यू डे' भी सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है, जिसकी कहानी पिछली फिल्म से चार साल आगे है. कैसी है अब स्पाइडरमैन यानी पीटर पार्कर की जिंदगी? आइए, आपको विस्तार से बताते हैं.

'लोनली' हुआ पीटर पार्कर

नो वे होम के बाद पीटर पार्कर (टॉम हॉलैंड) कौन है, ये सब भूल गए हैं. किसी को याद है तो बस स्पाइडरमैन, जो मुसीबत में सबकी जान बचाता है. पीटर पार्कर अपनी पहचान हर किसी से छिपाकर रखता है, यहां तक कि एमजे (जैंडेया) और नेड (जेकब बटैलन) से भी जो एक वक्त उसके जिगर-जान दोस्त हुआ करते थे. अपने प्यार और परिवार, सबकुछ खो चुका पीटर अब स्पाइडरमैन बनकर शहर में घूमता है. एक दिन उसका सामना एक ऐसे खतरे से होता है, जिसे काबू करना उसके बस में नहीं. जीन ग्रे (सैडी सिंक) स्पाइडरमैन के लिए वो खतरा है, जिसके पास किसी का भी दिमाग काबू करने की शक्ति है. उसकी रफ्तार इतनी तेज है कि पीटर उससे जीत नहीं सकता. 

Advertisement

जहां वो एक तरफ जीन ग्रे से निपट रहा होता है, उसी दौरान उसके शरीर में कुछ ऐसे बदलाव हो रहे होते हैं जिससे उसकी शक्तियां कई गुना बढ़ जाती है. पीटर के सामने अब बहुत सारी चुनौतियां हैं, जिसका उसे अपने साथी फ्रैंक यानी पनिशर (जॉन बर्नथल) के साथ मिलकर डटकर सामना करना है. सबसे पहले उसे जीन ग्रे और अपनी शक्तियों को काबू में करना है. फिर डॉ. ब्रूस बैनर यानी हल्क (मार्क रफ्लो) से भी अपनी जान बचानी है क्योंकि अगर एक बार 'हरी भाई' बाहर आ गए, तो किसी की खैर नहीं. 

भर-भरकर उभरे स्पाइडरमैन के इमोशन

MCU वाले स्पाइडरमैन की सबसे बड़ी खासियत ही यही थी कि वो काफी ज्यादा फनी और दिल का साफ इंसान था. लेकिन पिछली कुछ फिल्मों से जो बदलाव इस किरदार में नजर आए हैं, वो सचमुच तारीफ के काबिल बात है. मार्वल ने पीटर पार्कर को सिर्फ सुपरहीरो ही नहीं, बल्कि एक ऐसा इंसान भी दिखाया जो अपनी ताकत के साथ आने वाली जिम्मेदारियों को बखूबी समझता है. स्पाइडरमैन ब्रैंड न्यू डे फिल्म में पीटर के कई सारे ऐसे सीन्स रहे, जिसमें वो फनी नहीं बेबस दिखा. लेकिन वो उसके साथ हुईं घटनाओं के मुताबिक सही भी है. नो वे होम में अपनी आंट मे और प्यार एमजे को यूं ही खो देना, पीटर के लिए आसान नहीं था. साथ ही ये काम इस फिल्म के राइटर्स के लिए भी आसान नहीं था कि वो पिछली फिल्म के बाद पीटर पार्कर की कहानी किसी नए मकसद के साथ वापस लेकर आएं. 

Advertisement

सच कहा जाए, तो नो वे होम के बाद स्पाइडरमैन की कहानी अगर खत्म भी हो जाती तब भी चल जाता. मगर मेकर्स ने खुद पर भरोसा करके ऑडियंस के लिए वो कहानी को सही तरीके से आगे बढ़ाया. यकीन के साथ कहा जाए, तो स्पाइडरमैन ब्रैंड न्यू डे एक ऐसी फिल्म है जो देखते वक्त आपको कई सारे इमोशन्स फील होंगे. आप थोड़ा हंसेंगे, एक्साइट होंगे मगर सबसे ज्यादा अगर कोई चीज आपको हिट करेगी तो वो है इसके इमोशनल सीन्स. 

कहां रह गई कमी?

फिल्म में आप पीटर पार्कर को लेकर एक पॉइंट पर अफसोस जताते हुए महसूस करेंगे कि कभी तो इस लड़के के साथ कुछ अच्छा हो जाए. हालांकि ऐसा नहीं है कि स्पाइडरमैन ब्रैंड न्यू डे में कोई खामी नहीं है. इसका फर्स्ट हाल्फ जहां बहुत अच्छा है और स्टोरी को बढ़िया तरीके से ऊपर की तरफ लेता जाता है. तो इसका सेकेंड हाल्फ थोड़ा कमजोर है. हल्क और स्पाइडरमैन के बीच वाली भिड़ंत आपको उतनी हिट नहीं करती, जितनी आपने उम्मीद लगाई होती है. 

वहीं फिल्म के विलेन के रूप में जीन ग्रे का किरदार दमदार तो था, मगर वो भी एक अधूरा सा एहसास छोड़कर चली जाती है. इस फिल्म में स्पाइडरमैन के सामने एक बहुत बड़ा खतरा कोई नहीं है. उसे सिर्फ खुद में आए बदलावों के साथ डील करना है, जो इस फिल्म को थोड़ा सा कमजोर बनाता है. बाकी देखा जाए, तो ये एक दमदार फिल्म जरूर है जिसे आप खुलकर एंजॉय कर सकते हैं. टॉम हॉलैंड और जैंडेया की केमिस्ट्री भी आपका दिल छू जाती है. 

Advertisement

यहां देखें स्पाइडरमैन का ट्रेलर:

डूम्सडे में लौटेगा स्पाइडरमैन?

स्पाइडरमैन को लेकर इस समय एक बड़ा सस्पेंस ये बना हुआ है कि क्या वो इस साल के अंत में आने वाली MCU की सबसे बड़ी फिल्म एवेंजर्स डूम्सडे में लौटेगा? तो इसका हिंट फिल्म में मिल चुका है. स्पाइडरमैन की मुलाकात नई एवेंजर्स टीम की ब्लैक विडो यानी येलेना से होती है. फिल्म के अंदर उनके एक-दो जरूरी सीन्स भी हैं. वहीं स्पाइडरमैन, हल्क से भी मिलता है जो पहले से ही एक एवेंजर है. फिल्म के अंत में आने वाला पोस्ट-क्रेडिट सीन भी थोड़े संकेत देता है, लेकिन कोई पक्का सबूत नहीं कि वो डूम्सडे में लौटेगा या नहीं. 

वैसे डूम्सडे की कहानी स्पाइडरमैन के ठीक बाद सेटअप की गई है. फैंस को पूरी उम्मीद है कि डॉ.डूम से भिड़ने के लिए एवेंजर्स स्पाइडरमैन को जरूर बुलाएंगे. अब बस सवाल ये है कि कौनसा वाला स्पाइडरमैन आएगा.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement