बेंगलुरु के चर्चित डे-केयर सेंटर में बच्चों के साथ कथित दुर्व्यवहार के मामले की जांच में नया और चौंकाने वाला मोड़ आया है. जिस महिला कर्मचारी को शुरुआत में इस पूरे मामले का खुलासा करने वाली 'व्हिसलब्लोअर' माना जा रहा था, अब पुलिस ने उसी को इस मामले में छठा आरोपी बनाकर गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आए डिजिटल सबूत और पूछताछ में मिले तथ्यों के आधार पर यह कार्रवाई की गई है.
सुजाता ने ही बच्ची को डाला था मशीन में
पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला सुजाता पर आरोप है कि उन्होंने केवल वीडियो सामने नहीं लाए, बल्कि वायरल हुए वीडियो में से एक को खुद तैयार किया. जांच एजेंसियों का दावा है कि सुजाता ने एक छोटे बच्चे को कथित तौर पर वॉशरूम में बंद कर दिया और उसके रोने का वीडियो रिकॉर्ड किया. बाद में इस वीडियो को सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया.
जांच में यह भी सामने आया है कि सुजाता ने डे-केयर सेंटर में कार्यरत अन्य कर्मचारियों द्वारा बच्चों के साथ कथित दुर्व्यवहार के दो और वीडियो रिकॉर्ड किए थे. पुलिस का आरोप है कि तीनों वीडियो उन्होंने गौतम नाम के एक व्यक्ति को भेजे, जिसने बाद में उन्हें वायरल कर दिया.
डे केयर में काम को लेकर हुआ था झगड़ा
पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान सुजाता ने एक वीडियो तैयार करने की बात स्वीकार की है. जांचकर्ताओं का कहना है कि यह पूरा घटनाक्रम डे-केयर सेंटर की सुपरवाइजर मंजुला के साथ सैलरी और काम से जुड़े विवाद के बाद निजी रंजिश के चलते किया गया. हालांकि इन दावों की पुष्टि अदालत में सुनवाई और आगे की जांच के बाद ही होगी. जांच एजेंसियों का यह भी कहना है कि छोटे बच्चों की पहचान उजागर करने वाले वीडियो साझा करना उनकी निजता का उल्लंघन है. इसी आधार पर सुजाता को मामले में आरोपी बनाया गया है.
डे-केयर सेंटर की सुपरवाइजर मंजुला अब भी फरार
इस बीच, डे-केयर सेंटर की सुपरवाइजर मंजुला, जिन्हें इस मामले का मुख्य आरोपी माना जा रहा है, अभी भी फरार हैं. उनकी तलाश जारी है. इससे पहले 2 जुलाई को पहली आरोपी आया विजयलक्ष्मी को गिरफ्तार किया गया था, जबकि 3 जुलाई को सुजाता को हिरासत में लिया गया. पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है. अधिकारियों के मुताबिक, जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि वायरल वीडियो में कितना हिस्सा वास्तविक घटनाओं का था और कितना कथित तौर पर जानबूझकर तैयार किया गया.