ईरान के सुप्रीम लीडर रहे अयातुल्ला अली खामेनेई के फ्यूनरल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बाद अब कांग्रेस को भी न्योता मिला है. सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सांसद पवन खेड़ा और देश के पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद को इस मौके पर शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है.
खामेनेई का फ्यूनरल 4 जुलाई से 9 जुलाई तक ईरान और इराक के कई शहरों में आयोजित किया जाएगा. इस मौके पर दुनिया भर के दिग्गज उन्हें आखिरी विदाई देने पहुंचेंगे.
ईरान से आए इस निमंत्रण के बाद अब कांग्रेस पार्टी में चर्चा शुरू हो गई है. पार्टी सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे खुद इस आमंत्रण को लेकर फैसला करेंगे.
खड़गे करेंगे आखिरी फैसला
मल्लिकार्जुन खड़गे ही तय करेंगे कि खामेनेई के फ्यूनरल में कांग्रेस से कौन जाएगा और ईरान जाने वाले कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल में किन-किन नेताओं के नाम शामिल होंगे. वहीं, सूत्रों की मानें तो भारत सरकार की ओर से विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा और बिहार के गवर्नर लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) सैयद अता हसनैन उन्हें अंतिम विदाई देने ईरान जाएंगे.
अगले हफ्ते होगा फ्यूनरल
28 फरवरी को ईरान पर हुए अमेरिकी-इजरायली हमलों में अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई थी. इन हमलों में उनकी बेटी, दामाद और नातिन की भी जान चली गई थी. उनकी मौत को चार महीने हो चुके हैं, लेकिन अब तक उन्हें सुपुर्द-ए-खाक नहीं किया गया है. अब अगले हफ्ते ईरान में बड़े स्तर पर उनके फ्यूनरल का आयोजन किया जाएगा. उनके जनाजे में दुनिया भर के कई देशों के राष्ट्राध्यक्ष, राजनीतिक दलों के बड़े नेता शामिल होने वाले हैं.
यह भी पढ़ें: ईरान में अयातुल्ला खामेनेई को अंतिम विदाई, भारत भेजेगा दो सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल
बता दें कि खामेनेई के बाद उनके बेटे मोजतबा खामेनेई को ईरान का सुप्रीम लीडर चुना गया. मोजतबा भी अमेरिकी-इजरायली हमलों में गंभीर रूप से घायल हो गए थे. फिलहाल उनका इलाज चल रहा है और वो रिकवर कर रहे हैं.