
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के पटना में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर 'बाप भी जाएगा' वाले विवादित बयान पर हंगामा खड़ा हो गया है. खड़गे को लेकर अमित शाह, नितिन नवीन समेत बीजेपी के कई दिग्गज खुलकर मैदान में आ गए हैं. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ये तक दावा कर दिया है कि कांग्रेस के पास अब सिर्फ गाली-गलौज की राजनीति बची है.
अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कांग्रेस अध्यक्ष पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे ने पटना में पीएम मोदी के परिवार और उनके दिवंगत पिता के बारे में अभद्र टिप्पणी कर शालीनता की सारी मर्यादाएं तार-तार कर दी हैं.
केंद्रीय गृह मंत्री ने आगे कहा कि ये पहली बार नहीं है जब कांग्रेस पार्टी ने पीएम मोदी या उनके परिवार को अपशब्द कहे हों. इससे पहले कभी उनकी माताजी के विषय में आपत्तिजनक बातें कहीं गईं, कभी उन्हें 'मौत का सौदागर' कहा गया, तो कभी 'चायवाला' कहकर उनकी गरीबी का मजाक उड़ाया गया.
'बस गाली-गलौज की राजनीति बची है'
गृह मंत्री ने राहुल गांधी के नेतृत्व पर सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी हर रोज अभद्रता की नई सीमाएं पार कर रही है. उन्होंने लिखा, 'बीते 12 सालों में लगातार मिल रही चुनावी हार से कांग्रेस पार्टी में हताशा और निराशा इतनी बढ़ चुकी है कि अब उसके पास न कोई नीति बची है, न कोई मुद्दा, बस गाली-गलौज की राजनीति बची है.'
उन्होंने दावा किया कि जनता के बीच जनाधार खो चुकी कांग्रेस, अब अपने कार्यकर्ताओं में भी आधार खोती जा रही है. जब-जब इन्होंने मोदी जी या उनके परिवार पर घृणित टिप्पणियां की हैं, तब-तब जनता ने कांग्रेस को करारा जवाब दिया है.
नितिन नवीन ने भी लिया आड़े हाथ
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी खड़गे के बयान पर आग बबुला हो गए हैं. उन्होंने कहा कि सार्वजनिक मंच से इस तरह की अमर्यादित और असंसदीय भाषा का इस्तेमाल करना कांग्रेस के वैचारिक दिवालियापन को दिखाता है, उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध की भी एक तय गरिमा और मर्यादा होती है, लेकिन दिवंगत परिजनों को भाषणों में घसीटना अब समूचे विपक्ष का असली संस्कार बन चुका है. ये खड़गे का अकेला बयान नहीं, बल्कि पूरी पार्टी की शिष्टाचार-विहीन सोच का सबूत है.

सीएम योगी ने कांग्रेस की माफी मांगने की मांग
यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस से माफी मांगने की मांग की है. उन्होंने कहा कि भारतीय राजनीति में 'अपशब्द' का पर्याय बन चुकी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के विश्व के सबसे लोकप्रिय राजनेता और भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता के प्रति की गई अमर्यादित टिप्पणी अक्षम्य और घोर निंदनीय है.
सीएम योगी ने आगे कहा कि खड़गे का ये बयान145 करोड़ भारत वासियों की भावनाओं का अपमान है. भारतीय लोकतंत्र को शर्मसार करता ये कृत्य कांग्रेस की हताशा, निराशा, कुंठा और वैचारिक दिवालियापन का प्रमाण है. कांग्रेस को अविलंब अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष पर कठोर कार्रवाई करते हुए पूरे देश से क्षमा मांगनी चाहिए.
वहीं, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने भी निंदा करते हुए कहा कि पीएम मोदी के प्रति कांग्रेस की नफरत जगजाहिर है. प्रधानमंत्री पद की गरिमा और सार्वजनिक शालीनता को बनाए रखने वाले सर्वोच्च पद पर बैठे व्यक्ति के लिए ऐसी भाषा का इस्तेमाल बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है. उन्होंने कहा कि नीतियों और विचारों के आधार पर मुकाबला करने में असमर्थ कांग्रेस अब केवल व्यक्तिगत अपमान का रास्ता चुन रही है. जनता पीएम मोदी के साथ मजबूती से खड़ी है और कांग्रेस की ऐसी कुंठाओं का करारा जवाब देगी.
गिरराज सिंह बोले- राजनीतिक चापलूसी और मानसिक दिवालियापन
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने भी इस मुद्दे पर कड़ी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि अपने आकाओं की चाटुकारिता और राजनीतिक चापलूसी में कांग्रेस नेता इस हद तक गिर चुके हैं कि अब देश के लोकप्रिय और चुने हुए प्रधानमंत्री के पिता पर ओछी टिप्पणियां करने पर उतर आए हैं. गिरिराज सिंह ने कहा कि जब वैचारिक रूप से मुद्दों और नीतियों पर बहस करने का सामर्थ्य पूरी तरह खत्म हो जाता है, तब गहरी हताशा में ऐसी घटिया भाषा जुबान पर आती है.
क्या है पूरा मामला?
बता दें कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पटना दौरे पर हैं. इस दौरान वो डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती के एक कार्यक्रम में पहुंचे थे. अपने संबोधन के दौरान खड़गे SIR पर बोल रहे थे. उन्होंने कहा कि SIR में गड़बड़ी करने वालों को जेल भेजा जाएगा. इस पर एक व्यक्ति ने कहा, 'मोदी नहीं जाएगा'. शख्स के इसी बयान पर खड़गे ने कहा, 'मोदी का बाप भी जाएगा.'
कांग्रेस नेताओं का पलटवार
बीजेपी के बयानों पर अब कांग्रेस नेताओं की प्रतिक्रिया भी सामने आ रही है. भूपेश बघेल ने कहा, 'इसमें इतना विवादित क्या है? जब भाषण हो रहा था तो कोई चिल्ला रहा था. कौन था? ये तो बस बोलने का एक तरीका है. सिर्फ वही नहीं, 'उसका देवता भी जाएगा', 'वो क्या उसका बाप भी जाएगा.' ऐसा कहना बेइज्जती नहीं है.'
उन्होंने आगे कहा, 'प्रधानमंत्री खुद लगातार बेइज्जती कर रहे हैं. आपने ही शुरू किया था. कभी 50 करोड़ की गर्लफ्रेंड की बात करते हो, कभी जर्सी गाय की बात करते हो, तो कभी मंगलसूत्र छीनने की बात करते हो. ये सब बातें आप ही कहते हैं. भारत के इतिहास में किसी ने भी ऐसी भाषा का इस्तेमाल नहीं किया जैसी मोदी ने किया है. तो, जब वो ऐसी बातें कहते हैं, तो BJP के लोग चुप क्यों रहते हैं?'
यह भी पढ़ें: पटना में खड़गे का PM पर विवादित बयान, युवक ने जताया विरोध तो कांग्रेस वर्कर्स ने कर दी पिटाई
वहीं, कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा, 'ये दूसरी बार है जब संघ और BJP के लोगों ने खड़गे जी के साथ बदतमीजी की है. इससे पहले, उन्होंने उत्तराखंड में एक घटिया काम किया था, तथाकथित शुद्धिकरण अनुष्ठान, सिर्फ़ इसलिए क्योंकि वो दलित हैं. आज, बिहार में, जब खड़गे जी भाषण दे रहे थे, तो एक BJP कार्यकर्ता ने बदतमीजी से कहा कि मोदी कहीं नहीं जाएगा. अगर आपके अपने पिता भी आ जाएं, तो भी वो नहीं जाएंगे.'
उन्होंने आगे कहा कि एक पुराने, सीनियर नेता के खिलाफ ऐसी बेतुकी और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया. जवाब में, खड़गेनने अपने वैचारिक गुरु: संघ और मोहन भागवत का ज़िक्र करते हुए कहा कि मोदी जरूर जाएंगे और उनके पिता भी जाएंगे. हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ ये बार-बार की बदतमीजी मोदी और शाह के सीधे इशारे पर हो रही है. देश इसे माफ नहीं करेगा. देश देख रहा है.