प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली कैबिनेट ने ट्रांसपोर्टेशन और एसएमई से जुड़े दो बड़े फैसलों को मंजूरी दी है. वहीं, रक्षा मंत्रालय ने नौसेना के वॉरशिप के लिए ब्रह्मोस लॉन्चर सिस्टम खरीदने के लिए बड़ी डील की. इन खबरों के अलावा, फ्रांसिस हाल्जन को न्यूट्रिनो कण की खोज के लिए 2026 का भौतिकी नोबेल पुरस्कार मिला. पढ़ें मंगलवार शाम की बड़ी खबरें.
Modi Cabinet Decisions: मोदी सरकार के बड़े फैसले, ट्रांसपोर्ट से SME तक दो प्रस्तावों पर लगाई मोहर
केंद्रीय कैबिनेट ने मंगलवार को ट्रांसपोर्टेशन और SME से जुड़े 2 बड़े फ़ैसलों को मंज़ूरी दी. केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इसकी जानकारी दी. कैबिनेट ने इंटेग्रेटेड ट्रांसपोर्ट एंड लॉजिस्टिक्स अथॉरिटी यानी ITLA की स्थापना के प्रस्ताव पर मोहर लगाई है. SME के लिए स्मॉल एंड मीडियम एंटरप्राइजेज ग्रोथ फ़ंड बनाने को भी मंज़ूरी दी गई है.
नौसेना के वॉरशिप के लिए खरीदे जाएंगे ब्रह्मोस लॉन्चर सिस्टम, 661 करोड़ रुपए की डील
रक्षा मंत्रालय ने नई दिल्ली में ब्रह्मोस एयरोस्पेस प्राइवेट लिमिटेड के साथ 661.50 करोड़ रुपये की डील साइन की है. इसके तहत भारतीय नौसेना के जहाज़ों के लिए ब्रह्मोस फायर कंट्रोल सिस्टम और लॉन्चर खरीदे जाएंगे. रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह की मौजूदगी में हुई इस डील का मक़सद नौसेना की समुद्री सुरक्षा को मज़बूत करना है.
ब्रह्मांड के सबसे मायावी कण 'न्यूट्रिनो' की खोज करने वाले साइंटिस्ट को फिजिक्स को नोबेल
रॉयल स्वीडिश एकेडमी ऑफ साइंसेज ने 2026 का भौतिकी नोबेल पुरस्कार फ्रांसिस हाल्जन को देने का फैसला किया है. उन्हें यह सम्मान आइसक्यूब न्यूट्रिनो ऑब्जर्वेटरी में योगदान और खगोलीय मूल के हाई एनर्जी न्यूट्रिनो की खोज के लिए दिया गया है. न्यूट्रिनो कण पदार्थ से बहुत कम प्रतिक्रिया करते हैं और आसानी से गुजर जाते हैं.
दिल्ली में फिर चला 'दादा' का सिक्का, IPL 2027 से पहले सौरव गांगुली बने हेड कोच
सौरव गांगुली को दिल्ली कैपिटल्स ने IPL 2027 सीजन के लिए नया हेड कोच बनाया है. गांगुली अब टीम की कोचिंग की कमान संभालेंगे. JSW और GMR के सह स्वामित्व वाली दिल्ली कैपिटल्स ने मंगलवार को इसकी आधिकारिक घोषणा की. गांगुली अब हेमांग बदानी की जगह यह जिम्मेदारी संभालेंगे. बदानी ने IPL के 2025 और 2026 सीजन में टीम के साथ यह भूमिका निभाई थी.
एयर मार्शल अशुतोष दीक्षित बनेंगे भारतीय वायु सेना के नए प्रमुख
केंद्र सरकार ने एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित को भारतीय वायु सेना का उन्नतीसवां प्रमुख नियुक्त किया है. वे 31 अक्टूबर की दोपहर से एयर चीफ मार्शल के पद पर कार्यभार संभालेंगे. वर्तमान चीफ ऑफ एयर स्टाफ एयर चीफ मार्शल एपी सिंह उसी दिन रिटायर्ड हो रहे हैं. एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित फिलहाल वायस चीफ ऑफ एयर स्टाफ के पद पर हैं.
श्वेत क्रांति 2.0: देश में खुलेंगी 75000 नई डेयरियां, 46,000 का होगा कायाकल्प... अमित शाह का ऐलान
अमित शाह ने श्वेत क्रांति 2.0 का जिक्र करते हुए कहा कि देशभर में 75,000 नई सहकारी डेयरियां स्थापित करने और 46,000 मौजूदा डेयरियों को मज़बूत करने का लक्ष्य रखा गया है. इसका फ़ायदा मध्य प्रदेश के पशुपालकों को भी मिलने की उम्मीद है. उन्होंने गोबर से अतिरिक्त कमाई की संभावनाओं पर ज़ोर देते हुए कहा कि वैज्ञानिक इस्तेमाल से स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा.
होर्मुज में कॉमर्शियल जहाज पर अटैक, 11 भारतीय नाविक घायल, MEA ने की निंदा
ओमान के तट के पास मंगलवार को पनामा के झंडे वाले कमर्शियल जहाज MT On Peace पर प्रोजेक्टाइल से हमला हुआ. यह हमला उस समय हुआ, जब जहाज होर्मुज स्ट्रेट से गुजर रहा था. हमले में 12 क्रू मेंबर घायल हुए, जिनमें 11 भारतीय नाविक हैं. घायल क्रू मेंबरों को ओमान के खासाब में इलाज चल रहा है. भारत विदेश मंत्रालय ने इस हमले की निंदा की है.
पाकिस्तान T20 टीम में हुआ बड़ा बदलाव, साहिबजादा फरहान बने कप्तान, बाबर आजम हुए बाहर
पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने श्रीलंका के खिलाफ टी ट्वेंटी इंटरनेशनल सीरीज के लिए टीम का ऐलान कर दिया है. साहिबजादा फरहान को नया टी ट्वेंटी कप्तान बनाया गया है, जबकि बाबर आजम को टीम से बाहर कर दिया गया है. फरहान ने सलमान अली आगा की जगह कप्तानी संभाली है. श्रीलंका के खिलाफ तीनों मुकाबले 9, 11 और 13 अक्टूबर को रावलपिंडी में खेले जाएंगे.
लंबा हुआ 'द बैटमैन 2' का इंतजार! डायरेक्टर ने बीच में रोकी शूटिंग, अचानक क्यों लिया ऐसा फैसला?
फिल्म द बैटमैन के पार्ट टू की शूटिंग रोकी गई है. डीसी स्टूडियोज और वॉर्नर ब्रदर्स ने इसकी पुष्टि की है. वजह है- डायरेक्टर मैट रीव्स ने पारिवारिज वजह के चलते काम से कुछ समय का ब्रेक लिया है. पहले फिल्म को 2026 में रिलीज होना था, लेकिन बाद में इसकी रिलीज डेट 2027 और फिर 2028 कर दी गई. अब फिल्म 18 फरवरी 2028 को रिलीज होगी.
Tu Hai Meri Kiran Trailer Review: सोनाक्षी-जहीर की ‘तू है मेरी किरण’ का ट्रेलर कैसा है?
सोनाक्षी सिन्हा और जहीर इकबाल की फिल्म तू है मेरी किरण का ट्रेलर रिलीज हो गया है. फिल्म में प्यार, जुनून और डर का मेल दिख रहा है. फिल्म में सोनाक्षी किरण के किरदार में जबकि जहीर ऑब्सेसिव आशिक समर बने हैं. यह फिल्म 23 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. इससे पहले सोनाक्षी और जहीर फिल्म डबल XL में एक साथ काम कर चुके हैं.