आजकल जेन जी की लाइफ काफी भागदौड़ भरी है. कॉलेज, ऑफिस, पढ़ाई और दोस्तों के साथ प्लान के बीच कई बार अपने लिए खाना बनाने का वक्त ही नहीं मिलता. ऐसे में कई युवा बाहर से खाना ऑर्डर कर लेते हैं या फिर इंस्टेंट फूड से काम चला लेते हैं. लेकिन हर बार बाहर का खाना खाना जरूरी नहीं है. कुछ ऐसे फूड ऑप्शन भी हैं, जिन्हें कम वक्त में घर पर तैयार किया जा सकता है.
जेन जी अपनी लाइफस्टाइल, फिटनेस और खानपान को लेकर भी पहले से ज्यादा जागरुक हो रहे हैं. हालांकि, बिजी शेड्यूल के बीच हेल्दी खाने के लिए अलग से वक्त निकालना आसान नहीं होता. ऐसे में उनके लिए ऐसे फूड ऑप्शन बेहतर हो सकते हैं, जो जल्दी तैयार हों, स्वाद में अच्छे हों और खाने में भी ज्यादा झंझट न हो. अगर आप भी कम वक्त में कुछ अच्छा खाना चाहते हैं, तो ये पांच ऑप्शन ट्राई कर सकते हैं.
1. एग या पनीर भुर्जी
जेन जी के बीच प्रोटीन से भरपूर फूड्स का क्रेज लगातार बढ़ रहा है. ऐसे में एग और पनीर भुर्जी दोनों ही अच्छे ऑप्शन हैं. जहां अंडे खाने वाले युवा एग भुर्जी चुन सकते हैं, वहीं वेजिटेरियन लोगों के लिए पनीर भुर्जी बढ़िया ऑप्शन है. इसे ब्रेड, रोटी या पराठे के साथ खाया जा सकता है. इसे बनाने के लिए प्याज, टमाटर और हरी मिर्च को हल्का भूनें. इसके बाद अंडे या मैश किया हुआ पनीर डालकर नमक और मसाले मिलाएं और अच्छी तरह पकाएं.
2. एवोकाडो टोस्ट
फिटनेस और सोशल मीडिया फूड ट्रेंड्स के बीच एवोकाडो टोस्ट जेन जी का पसंदीदा ब्रेकफास्ट ऑप्शन बन चुका है. यह हल्का होने के साथ-साथ खाने में भी काफी अच्छा लगता है. एवोकाडो में हेल्दी फैट्स होते हैं, जबकि ब्रेड से कार्बोहाइड्रेट मिलता है. अगर सुबह की भागदौड़ में आपके पास ज्यादा वक्त नहीं है, तो ये एक अच्छा ऑप्शन हो सकता है. इसे बनाने के लिए पके हुए एवोकाडो को मैश करके उसमें नमक, काली मिर्च और नींबू का रस मिलाएं. इस मिक्शर को टोस्ट की हुई ब्रेड पर फैलाएं और ऊपर से चिली फ्लेक्स डालें.
3. ढेर सारी सब्जियों वाला पनीर सैंडविच
सैंडविच उन फूड्स में शामिल है, जिन्हें जेन जी अपनी पसंद के हिसाब से आसानी से बना सकते हैं. पनीर के साथ प्याज, टमाटर, खीरा, गाजर और शिमला मिर्च मिलाकर बनाया गया सैंडविच टेस्ट और न्यूट्रिशन दोनों का अच्छा कॉम्बिनेशन है. ये उन लोगों के लिए भी अच्छा ऑप्शन है, जिन्हें ऑफिस या कॉलेज के लिए जल्दी में कुछ तैयार करना होता है. इसके लिए मैश किए हुए पनीर में बारीक कटी सब्जियां, नमक, काली मिर्च और चाट मसाला मिलाएं. इस मिक्शर को ब्रेड में भरकर सैंडविच मेकर या तवे पर हल्का सेंक लें.
4. स्मूदी या शेक
जेन जी के बीच स्मूदी और शेक का ट्रेंड भी काफी पॉपुलर है. बनाना शेक, स्ट्रॉबेरी स्मूदी और मैंगो शेक जैसे ऑप्शन नाश्ते या शाम के स्नैक के लिए पसंद किए जा सकते हैं. दूध, दही और फलों से बने ये ड्रिंक्स टेस्ट के साथ कुछ जरूरी न्यूट्रिशन भी देते हैं. बनाना शेक के लिए एक केला, एक ग्लास दूध और थोड़ा शहद मिक्सर में डालकर ब्लेंड करें. वहीं, फ्रूट स्मूदी के लिए दही और अपनी पसंद के फल मिलाकर ब्लेंड कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें: "Gen Z Baba: इंस्टा-यूट्यूब पर हिट हुए 'Gen Z बाबा', लुक्स के फैन हो रहे लोग! देखें PHOTOS
5. वेजिटेबल पुलाव
अगर आप रोज-रोज सैंडविच या टोस्ट खाकर बोर हो गए हैं, तो वेजिटेबल पुलाव एक अच्छा ऑप्शन है. मटर, गाजर, बीन्स और दूसरी सब्जियों से बना पुलाव पेट भरने वाला और टेस्टी होता है. जेन जी के लिए ये खासतौर पर उन दिनों काम आ सकता है, जब घर पर पहले से पके चावल मौजूद हों और कुछ मिनटों में पूरा खाना तैयार करना हो. इसे बनाने के लिए पैन में थोड़ा घी गर्म करके जीरा और कटी हुई सब्जियां डालें. अब नमक और मसाले मिलाकर पहले से पके चावल डालें और अच्छी तरह मिलाएं.
बिजी लाइफस्टाइल का मतलब यह नहीं कि अपने खानपान को नजरअंदाज किया जाए. जेन जी के पास अगर वक्त कम है, तो भी वे थोड़ी सी प्लानिंग के साथ ऐसे फूड ऑप्शन चुन सकते हैं, जो टेस्ट और हेल्थ दोनों का ध्यान रखें.