डीसी (DC) का सबसे आइकॉनिक सुपरहीरो 'बैटमैन' पर अभी तक कई फिल्में बन चुकी हैं. इन दिनों ये किरदार रॉबर्ट पैटिनसन निभा रहे हैं. उनकी फिल्म द बैटमैन, जो साल 2022 में आई थी उसका सीक्वल आने वाला है. बीते कुछ महीनों से फिल्म की शूटिंग जारी थी, मगर अब वो भी बंद पड़ गई है.
क्यों रुकी बैटमैन की शूटिंग?
द बैटमैन पार्ट 2 की शूटिंग फिलहाल रोक दी गई है. इसका कारण डायरेक्टर मैट रीव्स का फैमिली मैटर है. उन्होंने एक पारिवारिक वजह के चलते काम से कुछ समय का ब्रेक लिया है. इस वजह से फिल्म की शूटिंग को भी ना चाहते हुए भी रोकना पड़ा है. डीसी स्टूडियोज और वॉर्नर ब्रदर्स ने इसकी पुष्टि की है.
इस घटना की जानकारी देते हुए स्टूडियो ने कहा कि मैट रीव्स इस समय एक पारिवारिक मामले पर ध्यान दे रहे हैं. वो मैट के साथ पूरी तरह खड़े हैं और जल्द ही फिल्म पर दोबारा काम शुरू करने की उम्मीद है. फिल्म की शूटिंग फिलहाल लंदन में चल रही थी. इसमें रॉबर्ट पैटिनसन के साथ एंडी सर्किस अल्फ्रेड और कॉलिन फैरेल पेंग्विन के किरदार में वापसी कर रहे हैं. वहीं कुछ नए चेहरे जैसे स्कारलेट जोहानसन, सेबेस्टियन स्टैन, ब्रायन टायरी हेनरी, चार्ल्स डांस और सेबेस्टियन कोच भी द बैटमैन पार्ट 2 में नजर आएंगे.
आसान नहीं रहा बैटमैन 2 बनाना
द बैटमैन पार्ट 2 अब डीसी और वॉर्नर ब्रदर्स स्टूडियो के लिए एक टास्क प्रोजेक्ट जैसा बन चुका है. ये इससे पहले भी कई बार टल और अटक चुकी है. पहले फिल्म को 2026 में रिलीज होना था, लेकिन बाद में इसकी रिलीज डेट 2027 और फिर 2028 कर दी गई. अब फिल्म 18 फरवरी 2028 को रिलीज होने वाली है.
हालांकि, मैट रीव्स के इस ब्रेक की वजह से रिलीज डेट पर कोई असर पड़ेगा या नहीं, फिलहाल इसकी कोई जानकारी नहीं है. ऐसे में ये कहना जल्दबाजी होगी कि शूटिंग रुकने से फिल्म की रिलीज आगे खिसकेगी या नहीं. इससे पहले भी फिल्म की देरी को लेकर डीसी स्टूडियोज के को-चेयरमैन जेम्स गन ने मैट रीव्स का बचाव किया था. उन्होंने कहा था कि रीव्स फिल्म को बेहतर बनाने के लिए अपना समय ले रहे हैं और बड़े बजट की फिल्मों के सीक्वल आने में कई साल लगना कोई असामान्य बात नहीं है.