अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर RSS का पहला बयान आया है. इसमें कहा गया है कि इस घटना से राम भक्तों की भावना को चोट पहुंची है. ऐसे में दोषियों को कठोर सजा मिलनी चाहिए. राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की तरफ से सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने बयान जारी किया है. वहीं, महाराष्ट्र सरकार ने स्कूलों के 500 मीटर के दायरे में 'Sting' एनर्जी ड्रिंक की बिक्री पर रोक लगाने का ऐलान किया है. पढ़ें शुक्रवार शाम की बड़ी खबरें.
अयोध्या राम मंदिर के दान पात्रों से चोरी मामले पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने पहली बार आधिकारिक प्रतिक्रिया दी है. सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने कहा कि इस घटना से करोड़ों रामभक्तों की आस्था को ठेस पहुंची है. उन्होंने कहा कि दोषियों को कड़ी सज़ा मिलनी चाहिए और मंदिर प्रबंधन की सभी कमियां दूर कर पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित होनी चाहिए.
'भावनाएं आहत करने वाला कंटेंट नहीं चलेगा', ध्रुव राठी के वीडियो पर दिल्ली HC सख्त
यूट्यूबर ध्रुव राठी के एक विवादित वीडियो को लेकर दिल्ली हाईकोर्ट ने सरकार की शिकायत अपीलीय समिति को आदेश दिया है कि वह वीडियो हटाने की मांग वाली अपील पर 15 दिनों के भीतर फैसला सुनाए. कोर्ट ने कहा कि उसके आदेश की किसी भी तरह की अनदेखी को गंभीरता से लिया जाएगा. यह मामला ध्रुव राठी के इसी साल 21 मार्च को अपलोड किए गए वीडियो से जुड़ा है.
दिल्ली सरकार को सुप्रीम कोर्ट से झटका: बिजली कंपनियों के CAG ऑडिट पर लगी रोक
सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली सरकार द्वारा बिजली डिस्कॉम कंपनियों के आदेशित CAG ऑडिट पर रोक लगा दी है. यह मामला डिस्कॉम पर बकाया करीब 38,500 करोड़ रुपये के रेगुलेटरी एसेट्स से जुड़ा है, जो सालों से उपभोक्ताओं से वसूला जाना बाकी है. जिन तीन कंपनियों का ऑडिट होना था, वे BRPL, BYPL और TPDDL हैं.
स्कूलों के 500 मीटर दायरे में नहीं बिकेगा 'Sting', महाराष्ट्र सरकार का बड़ा फैसला
महाराष्ट्र सरकार ने स्कूलों के 500 मीटर के दायरे में 'Sting' एनर्जी ड्रिंक की बिक्री पर रोक लगाने का ऐलान किया है. खाद्य मामलों के मंत्री नरहरी झिरवाल ने विधानसभा में इसकी जानकारी देते हुए कहा कि जल्द ही इस संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे. सरकार का कहना है कि एनर्जी ड्रिंक के सेवन से बच्चों की सेहत पर बुरा असर पड़ सकता है.
एक हफ्ते के बाद EPFO वेबसाइट OPEN, जानिए क्या-क्या नई सुविधा मिलेगी?
8 दिनों तक लगातार बंद रखने के बाद फाइनली कर्मचारी भविष्य निधि संगठन यानि EPFO की वेबसाइट को फिर से बहाल कर दिया गया है. शुक्रवार को ईपीएफओ की वेबसाइट पर सॉफ्टवेयर अपडेट और मेंटेनेंस काम पूरा हो गया है. EPFO ने बताया है कि अभी क्लेम्स और कुछ सेवाओं के प्रॉसेस में सामान्य से थोड़ा अधिक समय लग सकता है.
गुजरात ATS का बड़ा एक्शन: जैश-ए-मोहम्मद के 8 संदिग्ध सदस्य गिरफ्तार, आतंकी नेटवर्क बनाने की थी साजिश
गुजरात ATS ने एक बड़े ऑपरेशन में पाकिस्तान समर्थित प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े 8 संदिग्ध सदस्यों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार किए गए आरोपियों में दो युवक महज 18 और 19 साल के हैं. जांच एजेंसियों का दावा है कि ये सभी गुजरात में एक सक्रिय आतंकी नेटवर्क स्थापित करने की कोशिश में जुटे हुए थे.
सुप्रीम कोर्ट ने राजा रघुवंशी हत्याकांड के मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी की ज़मानत पर तत्काल रोक लगाने से इनकार कर दिया है. सुप्रीम कोर्ट ने मेघालय सरकार की याचिका पर नोटिस जारी कर ट्रायल की प्रगति देखने की बात कही. इस मामले में मेघालय पुलिस ने सोनम को भारतीय न्याय संहिता की धारा 403 के तहत आरोपी बनाया है.
भारत के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज़ के लिए इंग्लैंड की 16 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया गया है. टीम की कमान एक बार फिर स्टार बल्लेबाज़ हैरी ब्रूक के हाथों में होगी. ससेक्स के ऑलराउंडर जेम्स कोल्स और तेज़ गेंदबाज़ जोश टंग को पहली बार वनडे टीम में जगह बनी है. तेज गेंदबाज़ गस एटकिंसन और साकिब महमूद की वनडे टीम में वापसी हुई है.
श्रीलंका में गरजा टीम इंडिया का ये तेज गेंदबाज, 4 विकेट लेकर टेस्ट सीरीज के लिए ठोकी दावेदारी
इंडिया-ए और श्रीलंका-ए के बीच दूसरा अनऑफिशियल टेस्ट मैच गॉल के गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जा रहा है. इस मुकाबले में इंडिया-ए के तेज गेंदबाज गुरनूर बरार ने 4 विकेट अपने नाम किए. श्रीलंका-ए ने दूसरे दिन 288/5 के स्कोर से अपनी पहली पारी आगे बढ़ाई थी, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने पहले ही सत्र में पूरी टीम को 366 रनों पर समेट दिया.
फीफा वर्ल्ड कप 2026 में शुक्रवार को स्विट्ज़रलैंड ने अल्जीरिया को 2-0 से हराकर प्री-क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है. स्विट्ज़रलैंड ने लगातार चौथी बार वर्ल्ड कप के नॉकआउट राउंड में एंट्री ली है. अब स्विट्ज़रलैंड का राउंड ऑफ-16 में सामना कोलंबिया और घाना के बीच होने वाले मुकाबले की विजेता टीम से होगा.