माली हमले में रक्षा मंत्री की मौत हुई. ईरान कूटनीति के तहत पाकिस्तान के जरिए अमेरिका से बातचीत की कोशिश कर रहा है. भारत-न्यूजीलैंड FTA साइन होगा. AAP से आए नेताओं को सुरक्षा मिली. नेतन्याहू ने कैंसर से उबरने की बात कही. सलीम डोला गिरफ्तार हुआ, ट्रंप-काश पटेल विवाद और वर्ल्ड बैंक रिपोर्ट चर्चा में. पढ़ें रविवार शाम की बड़ी खबरें.
माली में बडे़ आतंकी हमले में रक्षा मंत्री की मौत, बम धमाकों से दहले कई शहर
माली में एक बड़ा और खतरनाक हमला हुआ. अल-कायदा से जुड़े आतंकी संगठन और तुआरेग विद्रोहियों ने मिलकर देश के कई हिस्सों पर एक साथ हमला किया. इस हमले में देश के रक्षा मंत्री सादियो कैमारा की जान चली गई. यह हमला इतना बड़ा था कि पूरी दुनिया की नजरें माली पर टिक गई हैं.
US से बातचीत को तैयार हुआ ईरान? ओमान से वापस PAK पहुंचे अराघची, 24 घंटे में दूसरा दौरा
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ओमान के बाद फिर से पाकिस्तान पहुंच गए हैं. इसके बाद फिर वह रूस का दौरा करेंगे. यह दौरा अमेरिका-ईरान तनाव खत्म करने की कोशिशों से जुड़ा है. एक दिन पहले यानि शनिवार को ही अराघची इस्लामाबाद से ओमान गए थे. अब 24 घंटे में यह अराघची का इस्लामाबाद का दूसरा दौरा है.
US-ईरान जंग में उलझे... इधर भारत ने कर दिया खेल, कल होंगे FTA पर साइन
भारत और न्यूज़ीलेंड सोमवार को फ्री ट्रेड एग्रीमेंट पर साइन करने वाले हैं. इस डील का उद्देश्य दोनों देशों के बीच व्यापार को दोगुना करना है. यह समझौता बीते साल 22 दिसंबर 2025 को दोनों पक्षों में हुई बातचीत के बाद किया जा रहा है. इस FTA से भारतीय कंपनियों को न्यूज़ीलैंड ड्यूटी-फ्री पहुंच मिलेगी और अगले 15 सालों में $20 अरब का निवेश आएगा.
हरभजन की सुरक्षा में तैनात रहेंगे CRPF कमांडो, AAP से BJP में आए अन्य सांसदों को भी मिली सिक्योरिटी
पंजाब सरकार द्वारा सुरक्षा वापस लिए जाने के कुछ ही घंटों बाद, केंद्र सरकार ने हरभजन सिंह को CRPF की सुरक्षा मुहैया करा दी है. हरभजन सिंह के साथ-साथ आम आदमी पार्टी से भाजपा में आए अन्य सांसदों- संदीप पाठक, अशोक मित्तल, स्वाति मालीवाल, राजेंद्र गुप्ता और विक्रमजीत साहनी को भी केंद्रीय सुरक्षा दी गई है.
Mann Ki Baat: 'जनगणना में भाग लेना हर नागरिक की जिम्मेदारी...', PM मोदी की जनता से अपील
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने रेडियो शो 'मन की बात' में सभी भारतीयों से जनगणना 2027 में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की. पीएम मोदी ने देश को संबोधित करते हुए जनगणना 2027 को एक अहम राष्ट्रीय अभियान बताया.पीएम ने भरोसा दिलाया कि लोगों की दी गई सभी जानकारी पूरी तरह सुरक्षित और गोपनीय रहेगी.
नेतन्याहू को हुआ कैंसर, दो साल चला इलाज... इजरायली PM ने खुद किया खुलासा
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने खुलासा किया है कि उन्हें शुरुआती स्टेज का प्रोस्टेट कैंसर हुआ था, जिसका इलाज उन्होंने बीते दो साल में करवाया था. उन्होंने बताया कि यह बीमारी बेहद शुरुआती स्तर पर पकड़ी गई थी और अब वह पूरी तरह ठीक हैं. नेतन्याहू ने यरुशलम के हदास्सा अस्पताल के डॉक्टरों और मेडिकल टीम का धन्यवाद किया है.
ट्रंप के निशाने पर काश पटेल? विवादों में घिरे FBI चीफ को पद से हटा सकते हैं राष्ट्रपति
भारतीय मूल के FBI डायरेक्टर काश पटेल को जल्द ही पद से हटाया जा सकता है. इसके पीछे उनसे जुड़े विवाद, ईरानी हैकर्स द्वारा उनकी ईमेल हैक होना और कई अन्य मामले बताए जा रहे हैं. हालांकि इस पर अभी कोई आधिकारिक फैसला सामने नहीं आया है, लेकिन व्हाइट हाउस के अंदर से आ रही खबरों ने अटकलों को और तेज़ कर दिया है.
'TMC ने माटी माफिया को बेची, मां को रुलाया', ठाकुरनगर की रैली में ममता सरकार पर बरसे PM मोदी
पश्चिम बंगाल में अंतिम चरण के चुनाव प्रचार से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर 24 परगना के ठाकुरनगर में जनसभा को संबोधित किया. इस दौरान पीएम ने विश्वास जताया कि पहले चरण में बंगाल ने जो 'कमाल' किया है, वह दूसरे चरण में भाजपा की प्रचंड जीत पर मुहर लगा देगा. पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण में 142 सीटों पर 29 अप्रैल को मतदान होगा.
दाऊद इब्राहिम का करीबी, ड्रग सिंडिकेट का किंगपिन... इस्तांबुल में गिरफ्तार सलीम डोला की कहानी
तुर्की के इस्तांबुल में हुए जॉइंट इंटरनेशनल ऑपरेशन में भारत का मोस्ट वांटेड ड्रग डॉन सलीम डोला गिरफ्तार हो गया. MIT और इस्तांबुल पुलिस की नारकोटिक्स यूनिट की इस कार्रवाई में दाऊद इब्राहिम के ड्रग सिंडिकेट से जुड़े इस किंगपिन को दबोचा गया. इसकी गिरफ्तारी का वीडियो भी सामने आया है.
'वह मेरा नया फेवरेट प्लेयर', वैभव सूर्यवंशी की बैटिंग के फैन हुए पैट कमिंस, जानें क्या बोले
ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज गेंदबाज और हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस ने वैभव सूर्यवंशी की जमकर तारीफ की है. पैट कमिंस ने कहा, वैभव अब मेरे पसंदीदा खिलाड़ी हैं. वह गेंद को बहुत जोर से मारता है, उसे देखना शानदार है. कमिंस ने कहा कि वो बेहद प्रभावशाली है और उसने अपने करियर की शानदार शुरुआत की है.
साइलेंट किलर... 2050 तक शहरों में गर्मी से गरीबों की संख्या 700% बढ़ेगी, World Bank की रिपोर्ट
विश्व बैंक की नई रिपोर्ट में कहा गया है कि 2050 तक शहरों में रहने वाले गरीब लोगों की संख्या जो खतरनाक गर्मी झेल रही होगी, वह 700 प्रतिशत बढ़ जाएगी. इसका मतलब है कि आज जितने गरीब गर्मी से प्रभावित हैं, उससे सात गुना ज्यादा लोग 2050 में इस आग में जलेंगे. सबसे ज्यादा खतरा पश्चिम अफ्रीका और दक्षिण-पूर्व एशिया के शहरों पर है.