केंद्रीय गृह मंत्रालय ने पूर्व क्रिकेटर और राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह को लेकर बड़ा फैसला किया है. पंजाब सरकार द्वारा सुरक्षा वापस लिए जाने के कुछ ही घंटों बाद, केंद्र सरकार ने हरभजन सिंह को CRPF की सुरक्षा मुहैया करा दी है. अब 'टर्बनेटर' को दिल्ली और पंजाब दोनों जगहों पर केंद्रीय सुरक्षा बलों का घेरा मिलेगा और सीआरपीएफ के कमांडो उनकी सुरक्षा में तैनात रहेंगे
गृह मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार, हरभजन सिंह के साथ-साथ आम आदमी पार्टी से भाजपा में आए अन्य सांसदों- संदीप पाठक, अशोक मित्तल, स्वाति मालीवाल, राजेंद्र गुप्ता और विक्रमजीत साहनी को भी केंद्रीय सुरक्षा दी गई है.
इन सभी नेताओं को अब CRPF के कमांडो सुरक्षा प्रदान करेंगे. यह कदम इन नेताओं पर बढ़ते खतरे और पंजाब में उनके आवासों के बाहर हो रहे विरोध प्रदर्शनों को देखते हुए उठाया गया है.
यह भी पढ़ें: पंजाब सरकार ने हरभजन सिंह की सिक्योरिटी वापस ली, घर के बाहर से हटे सुरक्षाकर्मी
पंजाब सरकार ने हटाई थी सुरक्षा
इससे पहले आज ही पंजाब की भगवंत मान सरकार ने हरभजन सिंह की Z+ कैटेगरी की सुरक्षा हटा दी थी. उनके जालंधर स्थित आवास से 9-10 सुरक्षाकर्मी और सरकारी गाड़ियां वापस बुला ली गई थीं. इसकी पुष्टि खुद हरभजन सिंह के PA मनदीप सिंह ने की थी.
शनिवार को भी हरभजन के घर के बाहर हंगामा हुआ था और प्रदर्शनकारियों ने दीवार पर काले स्प्रे से 'पंजाब का गद्दार' लिख दिया. हैरान करने वाली बात यह थी कि वीडियो में पुलिस वहां खड़ी नजर आई, लेकिन उन्होंने प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश नहीं की.
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पार्टी छोड़ने वाले सांसदों पर सीधा हमला करते हुए इन्हें 'गद्दार' बताया और कहा कि इन नेताओं ने पंजाब की जनता के भरोसे को तोड़ा है. दरअसल AAP छोड़कर बीजेपी में शामिल होने वाले राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने कहा था कि 'आप' के 7 सांसद भाजपा में शामिल हो रहे हैं. राघव के साथ संदीप पाठक और अशोक मित्तल ने बीजेपी की सदस्यता ली थी. फिर स्वाति मालीवाल और विक्रमजीत सहनी ने भी भाजपा में शामिल होने की पुष्टि की थी.