केंद्र सरकार ने ओएसएम विवाद के बीच सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (सीबीएसई) के चेयरमैन राहुल सिंह और सचिव हिमांशु गुप्ता हटा दिया है. वहीं, सुप्रीम कोर्ट ने नीट यूजी परीक्षा को कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट यानी सीबीटी मोड में कराने की मांग वाली याचिका खारिज की. इन खबरों के अलावा, टीम इंडिया में तेज गेंदबाज आकिब नबी की एंट्री हुई है. पढ़ें मंगलवार शाम की बड़ी खबरें.
सीबीएसई चेयरमैन और सेक्रेटरी को हटाया गया, OSM की जांच के लिए बनाई गई कमेटी
केंद्र सरकार ने CBSE के ऑन स्क्रीन मार्किंग यानी OSM विवाद के बीच बड़ी कार्रवाई की है. सीबीएसई के चेयरमैन और सेक्रेटरी को हटाया गया है. बताया गया है कि इन दोनों अधिकारियों का तबादला पीएम मोदी के हस्तक्षेप के बाद हुआ है. परीक्षा प्रबंधन, मूल्यांकन प्रक्रिया और जवाबदेही से जुड़े मुद्दों को देखते हुए इस क़दम को अहम माना जा रहा है.
CBT मोड में नहीं होंगे NEET एग्जाम... सुप्रीम कोर्ट ने खारिज की याचिका
सुप्रीम कोर्ट ने नीट यूजी परीक्षा को कंप्यूटर आधारित टेस्ट यानी CBT मोड में कराने की मांग वाली याचिका खारिज कर दी है. आरजेडी सांसद सुधाकर सिंह को इस मामले में कोर्ट ने झटका दिया है. जस्टिस पी एस नरसिम्हा की अगुआई वाली पीठ ने स्पष्ट किया कि NTA के समक्ष आ रही दिक्कतों के मद्देनजर इस साल ऐसा हो पाना संभव नहीं हो सकता है.
टीम इंडिया में हुई आकिब नबी की एंट्री, ट्रोल होने के बाद BCCI का बड़ा ऐलान, क्या अफगानिस्तान के खिलाफ मिलेगा मौका?
जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी टीम इंडिया से जुड़ गए हैं. उनकी एंट्री ऐसे समय में हुई है जब टीम इंडिया और अफगानिस्तान के बीच 6 जून को एकमात्र टेस्ट मैच खेला जाना है. हालांकि आकिब नबी को अभी आधिकारिक टेस्ट स्क्वॉड में शामिल नहीं किया गया है. खबर है कि आकिब बैकअप खिलाड़ी के रूप में टीम के साथ प्रैक्टिस कर रहे हैं.
चांदी के भाव में भारी इज़ाफा, सोना भी महंगा, जानें आज कितना बढ़ा गोल्ड-सिल्वर रेट
भारतीय सर्राफ़ा बाज़ार में मंगलवार को चांदी का भाव 2 लाख 66 हजार रुपये प्रति किलो के पार पहुंच गया, जो एक दिन पहले 2 लाख 63 हजार रुपये था. वहीं, 24 कैरेट सोने का रेट 1 लाख 56 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम से ऊपर रहा. IBJA के मुताबिक, 22 कैरेट सोना 1 लाख 43 हजार 167 रुपये और 23 कैरेट सोना 1,55,670 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया.
CM रेखा गुप्ता का बड़ा एक्शन, 40 से अधिक डॉक्टरों और अफसरों का ट्रांसफर
दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग के तहत काम करने वाली सेंट्रल प्रोक्योरमेंट एजेंसी के 40 से ज्यादा डॉक्टरों और अधिकारियों का ट्रांसफर कर दिया गया है. ये फैसला इसलिए लिया गया है ताकि अस्पतालों के लिए होने वाली दवाइयों की खरीद-फरोख्त में पूरी पारदर्शिता लाई जा सके और जनता के प्रति सिस्टम की जवाबदेही तय हो.
माथे पर टीका, चेहरे पर सुकून... IPL चैम्पियन बन भक्ति में डूबे विराट कोहली, प्रेमानंद महाराज से लिया आशीर्वाद, अनुष्का की सादगी ने जीता दिल
विराट कोहली अपनी पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ मंगलवार को वृंदावन पहुंचे. इस दौरान दंपति ने प्रेमानंद महाराज से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया. विराट कोहली और अनुष्का शर्मा ने वृंदावन स्थित राधा केलि कुंज आश्रम में पहुंचकर प्रेमानंद महाराज के दर्शन किए. आश्रम में दोनों ने संत प्रेमानंद महाराज से आध्यात्मिक मार्गदर्शन भी प्राप्त किया.
बिग बॉस तमिल 10 का प्रोमो रिलीज, आम आदमी को मिलेगा चमकने का मौका
बिग बॉस तमिल सीज़न 10 का पहला प्रोमो रिलीज़ हो गया है, जिसमें होस्ट विजय सेतुपति नज़र आए. इस बार शो में ‘कॉमन मैन’ कॉन्सेप्ट पेश किया गया है, जिसके तहत आम लोगों को भी शो का हिस्सा लेने का मौक़ा मिलेगा. पहले जहां ज़्यादातर सेलिब्रिटीज़ नज़र आते थे, वहीं नए सीज़न में आम प्रतिभागी अपनी असली शख़्सियत दिखाते दिखाई देंगे.
पहले फिटनेस साबित करो, फिर टीम इंडिया में सेलेक्शन... हार्दिक पंड्या-रोहित शर्मा को BCCI का अल्टीमेटम
अफ़गानिस्तान के ख़िलाफ़ सीरीज़ से पहले हार्दिक पंड्या को फिटनेस साबित करनी होगी. BCCI ने उनकी टीम में जगह को फिटनेस क्लीयरेंस से जोड़ दिया है. हार्दिक पंड्या बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस पहुंच चुके हैं, जहां उन्हें फिटनेस असेसमेंट से गुजरना होगा. सभी मानकों पर खरा उतरने के बाद ही उन्हें ‘रिटर्न टू प्ले’ की मंज़ूरी मिलेगी.
BJP विधायक योगेश पटेल का निधन, वडोदरा में ली अंतिम सांस
गुजरात के वडोदरा की मांजलपुर सीट से भारतीय जनता पार्टी के विधायक और पूर्व राज्य मंत्री योगेश पटेल का मंगलवार को 80 साल की उम्र में निधन हो गया. दिल की बीमारी के चलते वे पिछले चार दिनों से वडोदरा के एक अस्पताल में भर्ती थे, जहां आज दोपहर में उन्होंने अंतिम सांस ली. योगेश पटेल गुजरात की राजनीति का एक बेहद मजबूत और बेबाक चेहरा थे.