महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री और दिग्गज नेता अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार ने उनके जयंती के मौके पर एक भावुक पोस्ट शेयर की है. इस पोस्ट में उन्होंने अपने पति को याद करते हुए अपनी भावनाएं जाहिर की हैं. अजित पवार का निधन इसी साल 28 जनवरी को एक विमान हादसे में हो गया था. वह मुंबई से बारामती जा रहे थे, तभी बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान घने कोहरे और कम दृश्यता के कारण उनका चार्टर्ड विमान क्रैश हो गया था. इस हादसे में विमान में सवार सभी 5 लोगों की मौत हो गई थी.
सुनेत्रा पवार ने अपनी पोस्ट में लिखा कि पहले वह अजित पवार का जन्मदिन बड़े उत्साह और खुशी के साथ मनाती थीं. घर में खुशियों का माहौल रहता था और चारों तरफ से बधाइयां आती थीं. लेकिन अब उसी दिन को उनकी जयंती के रूप में मनाना उनके लिए बेहद मुश्किल है. उन्होंने कहा कि यह सच्चाई स्वीकार करना आज भी उनके लिए आसान नहीं है.
सुनेत्रा पवार ने आगे लिखा कि अजित पवार हर मुश्किल घड़ी में उनकी सबसे बड़ी ताकत रहे. उनका साथ, उनका भरोसा और हर कदम पर मिला उनका सहयोग अचानक छिन जाने से सब कुछ खाली सा महसूस होता है. उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि जीवन इतनी जल्दी उनका सबसे बड़ा सहारा छीन लेगा. इस दिन को याद करते हुए उनका दिल भर आता है और आंसू रुकने का नाम नहीं लेते.
यह भी पढ़ें: पीएम मोदी से मिले शरद पवार-सुप्रिया सुले, कल ही दिखे थे CJP के मंच पर
अपनी पोस्ट के अंत में सुनेत्रा पवार ने कहा कि भले ही अजित पवार आज उनके बीच नहीं हैं, लेकिन उनके विचार, उनकी यादें और लोगों के प्रति उनका सेवाभाव हमेशा जिंदा रहेगा. उन्होंने अजित पवार को अपना जीवनसाथी बताते हुए उन्हें भावभीनी और श्रद्धांजलि दी. गौरतलब है कि यह हादसा महाराष्ट्र के लिए बड़ा झटका था. अजित पवार लंबे समय से राज्य की राजनीति में सक्रिय रहे थे.