scorecardresearch
 

नालासोपारा की 14वीं मंजिल पर आधी रात लगी आग, 2 महिलाओं की मौत, क्रेन से बचाए गए 4 लोग

नालासोपारा में इम्पीरियल हाइट्स इमारत की 14वीं मंजिल पर आधी रात के करीब आग लग गई. हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि छह लोगों को अस्पताल में एडमिट कराया गया है. इमारत में फंसे चार लोगों को बड़ी क्रेन की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया.

Advertisement
X
बिल्डिंग मे आग से 2 महिलाओं की मौत हो गई. (Photo-ITG)
बिल्डिंग मे आग से 2 महिलाओं की मौत हो गई. (Photo-ITG)

महाराष्ट्र के नालासोपारा में एक इमारत में भीषण आग लगने से दो महिलाओं की मौत हो गई. हादसा नालासोपारा-वसई लिंक रोड स्थित इम्पीरियल हाइट्स इमारत में हुआ. आग आधी रात के करीब इमारत की 14वीं मंजिल पर लगी. इस हादसे में छह लोगों को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. आग लगने के बाद इमारत में अफरा-तफरी मच गई. लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे.

मृत महिलाओं की पहचान फाल्गुनी शाह (50) और अश्विनी पारकर (50) के रूप में हुई है. मिली जानकारी के मुताबिक, दोनों की मौत धुएं के कारण दम घुटने से होने की आशंका है. हालांकि, मौत की असली वजह पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी.

तुलिंज अस्पताल की प्रभारी डॉ. कविता जगदा ने बताया कि आग लगने के बाद फैले धुएं के कारण दोनों महिलाओं का दम घुट गया होगा. दरअसल, आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया. इमारत में धुआं फैलने से लोगों के सामने अपनी जान बचाने की चुनौती खड़ी हो गई. घटना के बाद आसपास के इलाके में भी दहशत का माहौल बन गया.

45 मिनट तक मदद का इंतजार करते रहे 4 लोग

आग से बचने के लिए इमारत में मौजूद चार लोगों ने बाहर की ओर बनी एक छोटी-सी जगह का सहारा लिया. वे वहां फंस गए. करीब 40 से 45 मिनट तक मदद का इंतजार करते रहे. उनके लिए वहां से सुरक्षित निकलना मुश्किल हो रहा था.

Advertisement

घटना की जानकारी मिलते ही वसई-विरार शहर महानगरपालिका की फायर बिग्रेड टीम मौके पर पहुंची. इसके बाद बचाव अभियान शुरू किया गया. चारों लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए बड़ी क्रेन की मदद ली गई. क्रेन की सहायता से सभी को बाहर निकाला गया.

आग लगने की सूचना मिलने के बाद फायर बिग्रेड टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गई. आग पर काबू पाने के लिए टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी. इस दौरान पुलिस भी मौके पर मौजूद रही. आचोले पुलिस ने घटनास्थल पर स्थिति का जायजा लिया.

पूर्व महापौर रूपेश जाधव भी घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने राहत और बचाव कार्य का जायजा लिया. हादसे के बाद इलाके में लोगों की भीड़ जमा हो गई.

यह भी पढ़ें: रोहतास में पेट्रोल-डीजल की दुकान में लगी आग, पिता-पुत्री की मौत... मां और 8 महीने का बेटा गंभीर

हादसे में दो की मौत, 6 गंभीर हालत में एडमिट

फिलहाल इम्पीरियल हाइट्स इमारत में आग लगने की असली वजह सामने नहीं आई है. आग से संपत्ति को कितना नुकसान हुआ, इसकी जानकारी भी अभी नहीं मिली है. पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं.

इस हादसे में दो महिलाओं की मौत हुई है, जबकि छह लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वहीं, बाहर की ओर बनी जगह पर फंसे चार लोगों को क्रेन की मदद से सुरक्षित निकाला गया. जांच के बाद ही आग लगने के कारण और हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों का पता चल सकेगा.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement