मुंबई में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के आने से पहले समंदर तटों पर मनमोहक नजारा देखने को मिल रहा है. आसमान में बादल छाए हुए हैं,जबकि सागर की ऊंची-ऊंची लहरें समुद्र तट पर बने कंक्रीट प्रोमेनेड से टकरा रही हैं. मरीन ड्राइव पर यह नजारा बेहद खूबसूरत लग रहा है.
सुबह-शाम मरीन ड्राइव पर सैर करने वाले लोग रुक-रुक कर इस खूबसूरत प्राकृतिक नजारे का लुत्फ उठा रहे हैं. समंदर की लहरें जब जोर से टकराती हैं तो सफेद पानी उछलता है, जो दूर से देखने वालों को आकर्षिक करता है. आसमान में छाए बादल हवा के साथ घूम रहे हैं और कभी-कभी सूरज की किरणें उनमें से झांकती नजर आ रही हैं.
मरीन ड्राइव, जुहू बीच, गेटवे ऑफ इंडिया और अन्य समुद्री इलाकों में ऐसे ही नजारे देखने को मिल रहे हैं. बता दें कि मुंबई में अगले 2-3 दिन बादल छाए रहेंगे. कभी-कभी तेज बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं.
मुंबई में जोरों पर मॉनसून की तैयारी
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून जल्द ही महाराष्ट्र के बाकी इलाकों में भी दस्तक देने वाला है. मुंबई में हर साल की तरह इस बार भी भारी बारिश की उम्मीद है. नगर निगम (BMC) ने पहले से ही मॉनसून की तैयारियों को तेज कर दिया है. नालियों की सफाई, पेड़ों की कटाई और जलभराव वाले इलाकों में पंपिंग व्यवस्था की जा रही है.
मरीन ड्राइव जैसे जगहों पर प्रशासन सतर्क है. लहरें ऊंची होने के कारण कभी-कभी पानी सड़क तक पहुंच जाता है. ऐसे में लोगों को समुद्र किनारे सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है. बता दें कि मॉनसून मुंबई के लिए खुशखबरी भी लाता है और चुनौतियां भी. एक तरफ जहां जलाशयों में पानी भर जाता है और गर्मी से राहत मिलती है तो वहीं, दूसरी तरफ ट्रेनें प्रभावित होती हैं, सड़कें जलमग्न हो जाती हैं और रोजमर्रा की जिंदगी मुश्किल हो जाती है.
मॉनसून के दौरान समुद्र में उठेंगी ऊंची लहरें, 24 हाई टाइड का अलर्ट
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने चेतावनी जारी करते हुए बताया कि मुंबई में मॉनसून सीजन के दौरान जून से सितंबर तक कुल 24 हाई टाइड 4.5 मीटर से ऊपर रहेंगे. इनमें से सबसे ऊंचा हाई टाइड 16 जुलाई को आएंगे, जब लहरें 4.89 मीटर तक पहुंच सकती हैं.
बीएमसी के मुताबिक, जून और जुलाई में 6-6 हाई टाइड, अगस्त में 5 और सितंबर में 7 हाई टाइड आने की संभावना है. पहले हाई टाइड का सिलसिला 14 जून से 19 जून तक चलेगा. इस दौरान समुद्र की लहरों की ऊंचाई 4.64 मीटर से 4.87 मीटर तक रह सकती है.