मुंबई और आसपास के इलाकों में सोमवार को हुई मूसलाधार बारिश और भारी जलभराव की वजह से वेस्टर्न रेलवे की रफ्तार पूरी तरह थम गई है. रेलवे ट्रैक पानी में डूबने की वजह से मुंबई और दक्षिण गुजरात के कई स्टेशनों पर 20 से ज्यादा लंबी दूरी की ट्रेनें फंस गईं.
मॉनसून की वजह से 40 से ज्यादा ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुई हैं, जिन्हें रद्द, डायवर्ट या रीशेड्यूल करना पड़ा है. रेलवे अधिकारी मुंबई-अहमदाबाद रूट पर संपर्क बहाल करने और फंसे हुए यात्रियों की मदद के लिए लगातार काम कर रहे हैं.
पश्चिमी रेलवे के अधिकारियों के मुताबिक, वसई रोड-विरार और सफाले-पालघर खंड (सेक्शन) के बीच भारी जलभराव की वजह से ट्रेन सेवाएं सबसे ज्यादा बाधित हुई हैं.
जलभराव और भूस्खलन के चलते रद्द हुईं 10 ट्रेनें
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि महाराष्ट्र के पालघर के कुछ हिस्सों में सुबह 9 बजे तक महज दो घंटे में लगभग 300 मिमी बारिश दर्ज की गई, जिससे हालात ज्यादा बिगड़ गए. दोपहर 1.50 बजे तक विरार, वनगांव, पालघर, दहानू रोड और वलसाड सहित कई स्टेशनों पर कम से कम 22 लंबी दूरी की ट्रेनों को रोक कर रखा गया था.
भारी बारिश, जलभराव और एक जगह हुए भूस्खलन के कारण कम से कम 8 ट्रेनों का समय बदला गया और 10 ट्रेनें रद्द की गईं. वहीं, कई ट्रेनो को बीच में ही टर्मिनेट या डायवर्ट कर दिया गया.
राजधानी सहित कई प्रमुख ट्रेनें हुईं प्रभावित
बाढ़ जैसे हालातों के कारण प्रभावित होने वाली लंबी दूरी की ट्रेनों में कई वीआईपी ट्रेनें भी शामिल हैं. इनमें बांद्रा टर्मिनस-श्री माता वैष्णो देवी कटरा एक्सप्रेस, मुंबई सेंट्रल-हजरत निजामद्दीन राजधानी एक्सप्रेस, दादर-पोरबंदर सौराष्ट्र एक्सप्रेस, बांद्रा टर्मिनस से चंडीगढ़, हिसार, अमृतसर, बीकानेर और वेरावल जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेनें शामिल हैं.
इसके अलावा अहमदाबाद, जोधपुर और भुज जैसे शहरों से मुंबई की तरफ आने वाली ट्रेनों को वापी और सूरत जैसे स्टेशनों पर ही रोक दिया गया ताकि जलमग्न नेटवर्क पर ट्रेनों की भीड़भाड़ को रोका जा सके.
यात्रियों के लिए बांटे गए खाने के पैकेट
इस आपातकालीन स्थिति में फंसे हुए यात्रियों की मदद के लिए पश्चिमी रेलवे स्थानीय NGOs के साथ मिलकर काम कर रहा है. यात्रियों के बीच खाने के पैकेट, पानी और जलपान बांटे गए हैं. मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक ने बताया कि पालघर में हजरत निजामुद्दीन-मुंबई सेंट्रल गरीब रथ एक्सप्रेस के यात्रियों को करीब 500 खाने के पैकेट मुहैया कराए गए. इसके साथ ही मुंबई सेंट्रल, बांद्रा टर्मिनस और सूरत जैसे बड़े स्टेशनों पर हेल्प डेस्क शुरू कर दिए गए हैं.
यह भी पढ़ें: मुंबई की सड़कों पर घुटनों तक पानी, रेलवे ट्रैक भी लबालब, स्कूल-कॉलेज बंद... देखें बारिश से बेहाल मायानगरी का हाल
लोकल ट्रेनों पर भी मॉनसून का काफी असर पड़ा है. बोरीवली और चर्चगेट के बीच लोकल ट्रेनें 15-20 मिनट की देरी से चल रही हैं, जबकि विरार-दहानू सेक्शन में भी रुकावट देखने को मिली. रेलवे प्रशासन ने यात्रियों को सलाह दी है कि वो स्टेशनों के लिए निकलने से पहले अपनी ट्रेनों का लेटेस्ट स्टेटस जरूर चेक कर लें.