
झारखंड के ज्यादातर शहरों में पेट्रोल पंप ड्राई हो चुके है. लिहाजा उपभोक्ता परेशान है और लंबी कतारें पंप पर देखी जा रही है. उपभोक्ता घंटों इंतजार कर रहे है लेकिन पेट्रोल नहीं मिल पा रहा है. रांची के VIP रोड स्थित एक पेट्रोल पंप पर मौजूद एक डिलीवरी बॉय ने बताया कि उसके पास बिल्कुल फ्यूल नहीं बचा है और उसे समझ नहीं आ रहा कि वह डिलीवरी कैसे करेगा. उसने कहा कि जब तक उसकी बारी आई, तब तक पेट्रोल पंप पर फ्यूल खत्म हो चुका था.
वहीं, कतार में खड़ी कुछ महिलाओं ने बताया कि वे करीब डेढ़ घंटे से इंतजार कर रही थीं, लेकिन उनकी बारी आते ही पेट्रोल खत्म हो गया. इसके बाद उन्हें निराश होकर वापस लौटना पड़ा.
पेट्रोलियम डीलर एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष मानस सिंह ने बताया कि 5-डे रिवॉल्विंग क्रेडिट खत्म करने के बाद कई पेट्रोल पंप संचालक नए ऑर्डर के लिए कैश पेमेंट नहीं कर पा रहे हैं. मानस सिंह के मुताबिक, अकेले झारखंड सरकार पर ही पेट्रोल पंप मालिकों का करीब 70 करोड़ बकाया है.

उनका कहना है कि समय पर भुगतान नहीं मिलने से सप्लाई चक्र प्रभावित हुआ है और अब हालात ऐसे हैं कि बढ़ी हुई कीमतों पर भी पेट्रोल की उपलब्धता में दिक्कत हो रही है.
रांची के दिल्ली पब्लिक स्कूल के पास स्थित एक पेट्रोल पंप पर जब सुबह आजतक की टीम पहुंची, तब वहां पेट्रोल मिल रहा था. हालांकि कुछ ही देर बाद पंप का स्टॉक खत्म हो गया.
मानस सिंह ने बताया कि HPCL और BPCL की सप्लाई चेन में दिक्कत आने के कारण दबाव इंडियन ऑयल के पेट्रोल पंपों पर बढ़ गया है.

हालांकि, रांची के डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने कहा है कि प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है. उन्होंने लोगों से अपील की है कि ईंधन का अनावश्यक भंडारण न करें, अफवाहों से बचें और जरूरत के मुताबिक ही तेल खरीदें.