scorecardresearch
 

सोनीपत में ट्रिपल मर्डर से सनसनी, फ्लैट में घुसकर पति-पत्नी समेत 3 की बेरहमी से हत्या

हरियाणा के सोनीपत जिले के कुंडली थाना क्षेत्र स्थित टीडीआई बीपीएल फ्लैट्स में देर रात ट्रिपल मर्डर की सनसनीखेज वारदात सामने आई.जहां एक सनकी ने एक व्यक्ति, उसकी पत्नी और एक अन्य महिला की हत्या कर दी.

Advertisement
X
तीन हत्याओं से दहला सोनीपत. (Photo: Screengrabs)
तीन हत्याओं से दहला सोनीपत. (Photo: Screengrabs)

हरियाणा के सोनीपत जिले के कुंडली थाना क्षेत्र में रविवार देर रात दिल दहला देने वाली ट्रिपल मर्डर की वारदात सामने आई. जहां टीडीआई कुंडली स्थित बीपीएल फ्लैट्स में एक व्यक्ति ने पति-पत्नी समेत तीन लोगों की तेजधार हथियार से हमला कर निर्मम हत्या कर दी. इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और लोगों में दहशत का माहौल बन गया.

मृतकों की पहचान विजय और उसकी पत्नी सुनीता निवासी कोट मोहल्ला, सोनीपत के रूप में हुई है. वहीं तीसरी मृतका स्वाति बताई गई है, जो गांव बडोली की रहने वाली थी. पुलिस के अनुसार तीनों पर किसी तेजधार हथियार और भारी वस्तु से हमला किया गया. हमले की क्रूरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई.

पुलिस ने घटनास्थल को किया सील
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बीपीएल फ्लैट्स में रहने वाले ब्रह्मप्रकाश नामक व्यक्ति ने इस वारदात को अंजाम दिया. हालांकि हत्या के पीछे की असली वजह अभी तक साफ नहीं हो पाई है. पुलिस पारिवारिक विवाद, आपसी रंजिश और अन्य पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है.

घटना की सूचना मिलते ही कुंडली थाना पुलिस मौके पर पहुंची. कुछ ही देर में सोनीपत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और एफएसएल की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई. पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ की. जिसके बाद घटनास्थल को पूरी तरह सील कर जांच की गई.

Advertisement

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सोनीपत के सिविल अस्पताल भेज दिया. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हत्या में इस्तेमाल हथियार और मौत के सही कारणों का खुलासा होने की उम्मीद है. घटना के बाद इलाके में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. स्थानीय निवासियों के मुताबिक उन्होंने देर रात चीख-पुकार की आवाजें सुनी थीं, लेकिन जब तक लोग मौके पर पहुंचे तब तक तीनों की मौत हो चुकी थी. इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है.

सोनीपत पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें बनाई गई हैं. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है. पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा. 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement