गुजरात के मेहसाणा जिले के विजापुर से रिश्तों को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है. 8 जुलाई को हुई हिट एंड रन की घटना, जिसे शुरुआत में सड़क हादसा माना गया था, अब सुनियोजित हत्या निकली है. विजापुर पुलिस ने जांच के दौरान इस मर्डर मिस्ट्री का खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी, बेटी और भांजे समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस के अनुसार, 8 जुलाई 2026 को विजापुर के आनंदपुरा रोड पर मेडिकल स्टोर संचालक विनोदभाई पटेल अपनी एक्टिवा से जा रहे थे. इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आई सफेद रंग की एक ब्रेजा कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि विनोदभाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार चालक घटनास्थल से फरार हो गया.
सड़क हादसा समझकर शुरू हुई थी जांच
घटना के बाद विजापुर पुलिस ने हिट एंड रन का मामला दर्ज कर जांच शुरू की. शुरुआती जांच में यह एक सामान्य सड़क दुर्घटना लग रही थी, लेकिन पुलिस को जल्द ही कई ऐसे सुराग मिले, जिन्होंने पूरे मामले की दिशा बदल दी.
पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. जांच के दौरान बिना नंबर प्लेट वाली एक संदिग्ध ब्रेजा कार दिखाई दी. इसी बीच एक अहम गवाह पुलिस के सामने आया. उसने बताया कि उसका दोस्त विमल पटेल उसे सीसीटीवी कैमरा लगाने के बहाने कार में बैठाकर ले गया था. रास्ते में उसने जानबूझकर एक एक्टिवा सवार को टक्कर मारी और बिना रुके वहां से फरार हो गया. गवाह के बयान के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए अस्नापुरा गांव के 24 वर्षीय विमल पटेल को हिरासत में लिया.
पूछताछ में खुली पूरी साजिश
पुलिस पूछताछ में विमल पटेल ने कबूल किया कि यह कोई सड़क हादसा नहीं था, बल्कि पहले से रची गई हत्या की साजिश थी. उसने बताया कि उसकी मौसी रीटाबेन पटेल और मौसी की बेटी श्रद्धा पटेल ने उसे यह वारदात करने के लिए तैयार किया था. पुलिस के मुताबिक, मृतक विनोदभाई पटेल अपनी पत्नी रीटाबेन पर गलत शक करते थे और अक्सर उनके साथ मारपीट करते थे. इसी वजह से पत्नी और बेटी ने उन्हें रास्ते से हटाने की योजना बनाई.
पैसों का लालच देकर भांजे को बनाया आरोपी
जांच में सामने आया कि रीटाबेन और श्रद्धा ने विमल पटेल को पैसे का लालच देकर हत्या के लिए तैयार किया. साथ ही उसे भरोसा दिलाया कि पूरी जिम्मेदारी वे खुद लेंगी. विनोदभाई विजापुर में राम मंदिर के पास मेडिकल स्टोर चलाते थे. इसलिए विमल पहले कई दिनों तक वहां रेकी करता रहा. घटना वाले दिन श्रद्धा ने अपने पिता को फोन कर उनकी लोकेशन की जानकारी विमल को दी.
लोकेशन मिलते ही कार से कुचल दिया
पुलिस के अनुसार, जैसे ही विनोदभाई अपनी एक्टिवा लेकर निकले, विमल ब्रेजा कार से उनके पीछे लग गया. आनंदपुरा चौकड़ी के पास उसने तेज रफ्तार कार से पीछे से टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि विनोदभाई की मौत हो गई. इसके बाद विमल मौके से फरार हो गया.
तीनों आरोपी गिरफ्तार
पूरी साजिश का खुलासा होने के बाद विजापुर पुलिस ने विमलकुमार पटेल, रीटाबेन पटेल और श्रद्धा पटेल को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. मामले की जांच आगे भी जारी है.