गुजरात के कच्छ जिले की अंजार तहसील से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक युवक ने अपने दोस्त के साथ मिलकर अपनी प्रेमिका की गला घोंटकर हत्या कर दी. प्रेमिका प्रेग्नेंट हो गई थी जिसके बाद वो आरोपी पर शादी का दबाव बना रही थी.
आरोपियों ने लड़की की हत्या करने के बाद उसके शव को पत्थर से बांधकर कुएं में फेंक दिया था. पुलिस ने आरोपी राजेश और उसके दोस्त राहुल को गिरफ्तार कर लिया है. इस मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.
पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी राजेश का अपने ही गांव की एक युवती के साथ पिछले एक साल से अफेयर चल रहा था. इस दौरान दोनों के बीच शारीरिक संबंध बने और युवती प्रेग्नेंट हो गई. ऐसे में युवती ने राजेश पर शादी करने का दबाव बनाया और शादी न करने की सूरत में पुलिस शिकायत की चेतावनी दी.
शादी के बहाने युवती को बुलाया, फिर की हत्या
युवती के दबाव से तंग आकर राजेश ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची. उसने अपने दोस्त राहुल के साथ मिलकर युवती को मारने का प्लान बनाया. राजेश ने युवती को शादी करने के बहाने रात में गांव के बाहर बुलाया. वहां दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद राजेश ने युवती को जमीन पर गिरा दिया और गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी.
यह भी पढ़ें: फरीदाबाद में महिला की हत्या, घर के बाहर देखते ही पति ने मारी गोली
कुएं में फेंका युवती का शव
मृतका का शव पानी के ऊपर न आए, इसके लिए आरोपियों ने शव की कमर को दुपट्टे से बांधा और उसके दूसरे सिरे पर एक भारी पत्थर बांधकर उसे गहरे कुएं में फेंक दिया. युवती के लापता होने के बाद परिजनों ने अंजार थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी.
3 घंटे की मशक्कत के बाद कुएं में मिला शव
तफ्तीश के दौरान पुलिस को राजेश और युवती के अफेयर के बारे में पता चला. जब पुलिस ने राजेश को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया. आरोपी की निशानदेही पर पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद कुएं से शव बरामद किया.