scorecardresearch
 

दिल्ली: एम्बुलेंस में लगी भीषण आग, ऑक्सीजन सिलेंडर फटने से धमाका, चपेट में आई बाइक

दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के डीसीपी के मुताबिक, सफदरजंग अस्पताल की यह एम्बुलेंस एक मरीज को समालखा छोड़कर वापस अस्पताल लौट रही थी. आग के के कारण एम्बुलेंस के भीतर रखा एक ऑक्सीजन सिलेंडर जोरदार धमाके के साथ फट गया.

Advertisement
X
सूचना मिलते ही फायर सर्विस की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया. (Photo- Screengrab/ITG)
सूचना मिलते ही फायर सर्विस की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया. (Photo- Screengrab/ITG)

दिल्ली के मोती बाग इलाके में गुरुवार शाम एक बड़ा हादसा टल गया. सफदरजंग अस्पताल की एक 'कैट्स' (CATS) एम्बुलेंस में अचानक आग लग जाने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. आग इतनी भीषण थी कि एम्बुलेंस के अंदर रखा एक ऑक्सीजन सिलेंडर धमाके के साथ फट गया, जिसकी चपेट में आने से पास खड़ी एक मोटरसाइकिल भी जलकर खाक हो गई. गनीमत यह रही कि हादसे के वक्त एम्बुलेंस खाली थी, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई.

दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के डीसीपी के मुताबिक, सफदरजंग अस्पताल की यह एम्बुलेंस एक मरीज को समालखा छोड़कर वापस अस्पताल लौट रही थी. शाम करीब 7:20 बजे जब एम्बुलेंस धौला कुआं की ओर से आकर मोती बाग फ्लाईओवर के पास पहुंची, तभी कंडक्टर साइड की सीट के नीचे शॉर्ट सर्किट होने से धुआं उठने लगा. ड्राइवर ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए गाड़ी को किनारे खड़ा किया और बाहर निकल गया.

देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी एम्बुलेंस को अपनी चपेट में ले लिया. आग के के कारण एम्बुलेंस के भीतर रखा एक ऑक्सीजन सिलेंडर जोरदार धमाके के साथ फट गया. घटना के बाद फ्लाईओवर पर वाहनों की आवाजाही थम गई और धुएं का काला गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा. करीब दो घंटे तक इस रास्ते पर भीषण जाम जैसी स्थिति भी बनी रही.

Advertisement

सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया. इसके बाद सड़क को फिर से यातायात के लिए खोल दिया गया. घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने क्राइम टीम और फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को भी मौके पर बुलाया है. शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement