scorecardresearch
 

दिल्ली: मालवीय नगर अग्निकांड में LPG सिलेंडर में नहीं हुआ था ब्लास्ट, CM रेखा गुप्ता ने मुआवजे का किया ऐलान

दिल्ली के मालवीय नगर होटल अग्निकांड में दिल्ली पुलिस की शुरुआती जांच में एक बड़ा खुलासा हुआ है. फॉरेंसिक जांच के मुताबिक, होटल की इंटरनल वायरिंग में शॉर्ट सर्किट होने के चलते ये भयानक आग फैली थी, जबकि दोनों किचन में रखे एलपीजी सिलेंडर पूरी तरह सुरक्षित मिले हैं.

Advertisement
X
मालवीय नगर हत्याकांड को लेकर जांच में चौंकाने वाला खुलासा. (File photo: ITg)
मालवीय नगर हत्याकांड को लेकर जांच में चौंकाने वाला खुलासा. (File photo: ITg)

दिल्ली के मालवीय नगर  भीषण अग्निकांड को लेकर शुरुआती जांच में बड़ा खुलासा हुआ है. दिल्ली पुलिस सूत्रों के मुताबिक होटल में आग किसी LPG सिलेंडर के ब्लास्ट से नहीं लगी थी, बल्कि आग का कारण शॉर्ट सर्किट था. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बिल्डिंग की आंतरिक वायरिंग में खराबी के चलते आग तेजी से फैली. दूसरी ओर दिल्ली की इस गंभीर घटना से सबक लेते हुए एनडीएमसी (NDMC) ने फायर सेफ्टी नियमों के अनुपालन को लेकर एक समीक्षा बैठक बुलाई है, जिसके तहत खान मार्केट और सेंट्रल दिल्ली के तमाम होटलों व रेस्तरां की सुरक्षा का कड़ा निरीक्षण किया जाएगा.

दूसरी ओर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस हादसे के बाद यूपी की तमाम बहुमंजिला और व्यावसायिक इमारतों में अग्नि सुरक्षा मानकों की जांच के लिए विशेष अभियान चलाने के सख्त निर्देश जारी कर दिए हैं.

'इंटरनल वायरिंग में शॉर्ट सर्किट'

दिल्ली पुलिस सूत्रों के अनुसार, मालवीय नगर अग्निकांड की फॉरेंसिक जांच में सामने आया है कि होटल के बेसमेंट और टॉप फ्लोर पर दो अलग-अलग किचन थे, जहां कई एलपीजी सिलेंडर रखे हुए थे, लेकिन शुरुआती जांच के अनुसार किसी भी एलपीजी सिलेंडर में कोई विस्फोट नहीं हुआ था.

पुलिस अधिकारी के अनुसार होटल की इंटरनल वायरिंग (आंतरिक वायरिंग) में शॉर्ट सर्किट हुआ था, जिसकी वजह से पूरी बिल्डिंग में आग फैल गई और धुएं की चपेट में आ गई.

'MCD की भी टूटी नींद'

वहीं, मालवीय नगर की इस भीषण घटना के बाद दिल्ली नगर निगम की भी नींद टूट गई है. एनडीएमसी के अध्यक्ष कुलजीत चहल आज फायर सेफ्टी नियमों को लेकर एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक करने जा रहे हैं, जिसके तहत सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे.

Advertisement

होटलों और रेस्टोरेंट की होगी जांच

इस विशेष समीक्षा बैठक के फैसले के तहत दिल्ली के बेहद प्रमुख खान मार्केट जैसे बाजारों का पूरी तरह से निरीक्षण किया जाएगा. मालवीय नगर के हादसे के बाद अब खान मार्केट और पूरे सेंट्रल दिल्ली इलाके में संचालित होने वाले सभी होटलों और रेस्तरां की फायर सेफ्टी व्यवस्था को बारीकी से परखा जाएगा.

अस्पताल पहुंचीं सीएम रेखा गुप्ता

अग्निकांड के बाद जारी सतर्कता के बीच दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने साकेत स्थित मैक्स अस्पताल पहुंचीं. जहां उन्होंने घायलों और उनके परिवार वालों से बातचीत की, उपस्थित डॉक्टरों के साथ चल रहे पीड़ितों के इलाज की समीक्षा की और अधिकारियों को सभी आवश्यक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए.

सीएम ने कहा कि अस्पताल अधिकारियों के समन्वय से घायलों के मेडिकल खर्च की व्यवस्था की जाएगी, जिससे ये सुनिश्चित हो सके कि हर मरीज को बेहतर इलाज मिले.


साथ ही मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले मृतक के परिजनों को 10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि और गंभीर रूप से घायल लोगों को 5 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है. सीएम ने ये भी ऐलान किया कि हादसे में जान गंवाने वाले मृतकों के पार्थिव शरीर को उनके पैतृक घर ले जाने की व्यवस्था की जा रही है.

उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार प्रत्येक पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है. हम घायलों के जल्द स्वस्थ होने और इस कठिन वक्त में शोक संतप्त परिवारों को शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करते हैं.

Advertisement

UP में बहुमंजिला इमारतों की जांच का निर्देश

वहीं, दिल्ली के इस अग्निकांड के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूरे यूपी में विशेष भवन सुरक्षा अभियान चलाने के कड़े निर्देश दिए हैं. उन्होंने सभी विकास प्राधिकरणों, पुलिस और लोक निर्माण विभाग (PWD) को संयुक्त रूप से प्रदेशभर की बहुमंजिला और व्यावसायिक इमारतों का गहन निरीक्षण करने को कहा है, जहां खामियां मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

साथ ही सीएम ने बहुमंजिला इमारतों की अग्नि सुरक्षा मानकों, इमरजेंसी एग्जिट (आपातकालीन निकास) और अन्य सुरक्षा व्यव्सथाओं की जांच करने का भी निर्देश दिया है. साथ ही जांच में खामियां पाए जाने पर दोषियों को खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया है. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को अभियान चलाकर भवनों की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement