INDIA ब्लॉक के नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मार्च के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलने का समय मांगा है. 9 अक्टूबर को दिल्ली में विपक्षी नेताओं की बैठक और मार्च की संभावना है.
सूत्रों के मुताबिक, 9 अक्टूबर को INDIA ब्लॉक के बड़े नेता दिल्ली में जुट सकते हैं. विपक्षी सांसदों से दिल्ली में ही रहने को कहा गया है. 9 अक्टूबर को विपक्ष की ओर से कोई बड़ा कार्यक्रम या दिल्ली में मार्च निकाले जाने की भी संभावना है.
वहीं कांग्रेस के लोकसभा और राज्यसभा सांसदों को दोपहर 1:45 बजे जनपथ रोड स्थित सागर रत्ना में लंच के लिए पहुंचने को कहा गया है.
मंगलवार को INDIA ब्लॉक के नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मार्च निकाला था. और अब विपक्ष ने अक्टूबर के दूसरे सप्ताह में राष्ट्रपति से मिलने का अनुरोध किया है.
राहुल-प्रियंका के खिलाफ पुलिस में शिकायत
दिल्ली में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत कई नेताओं के खिलाफ पुलिस को शिकायत मिली है. यह शिकायत आकाशवाणी भवन की तरफ से दी गई है. शिकायत पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने में दी गई है. इसमें नेताओं पर आकाशवाणी भवन में जबरन घुसने का आरोप लगाया गया है.
एक भी देशद्रोही बख्शा नहीं जाएगा: राहुल गांधी
मंगलवार को INDIA ब्लॉक के विरोध मार्च के दौरान राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, अखिलेश यादव समेत विपक्ष के तमाम बड़े नेताओं को हिरासत में लिया गया था. विपक्ष निर्वाचन सदन तक मार्च करने वाला था लेकिन पुलिस ने रास्ते में बैरिकेडिंग करके उन्हें रोक दिया था. राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कांग्रेस के बड़े नेताओं ने आकाशवाणी भवन में ही धरना दे दिया था. 5-6 घंटे से ज्यादा समय तक दोनों आकाशवाणी भवन में धरने पर बैठे थे. जिसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया था.
यह भी पढ़ें: 'आप दोमुंहे हैं', INDIA ब्लॉक के मार्च के बीच DMK ने राहुल गांधी पर साधा निशाना
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट भी किया था. उन्होंने लिखा, 'लोकतंत्र के गद्दारों को बचाने के लिए बचे-खुचे लोकतंत्र को घसीटा गया है. हिसाब होगा - एक भी देशद्रोही बख्शा नहीं जाएगा.'
हमें बैठक का कोई अनुरोध नहीं मिला: ECI
वहीं इस मामले पर चुनाव आयोग की ओर से कहा गया कि उन्हें कांग्रेस पार्टी की ओर से किसी बैठक के लिए कोई अनुरोध नहीं मिला था. आयोग ने कहा कि किसी अन्य विपक्षी दल की ओर से भी बैठक को लेकर कोई अनुरोध उन्हें नहीं मिला. अब इसी मुद्दे पर विपक्ष ने राष्ट्रपति से मिलने का समय मांगा है.