दिल्ली के कश्मीरी गेट स्थित CEO ऑफिस के बाहर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी का प्रदर्शन शुरू हो गया है. INDIA ब्लॉक के कई दल इस प्रदर्शन में शामिल हैं. प्रदर्शन को देखते हुए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है. पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है. मौके पर स्थिति पर नजर रखी जा रही है.
यह प्रदर्शन वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के खिलाफ है. विपक्षी दल इस प्रक्रिया का विरोध कर रहे हैं. साथ ही मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी उठ रही है. INDIA ब्लॉक के दल इसे साझा विरोध के तौर पर कर रहे हैं.
विपक्षी दलों का कहना है कि वोटर लिस्ट में बदलाव की प्रक्रिया पारदर्शी होनी चाहिए. उनका आरोप है कि SIR के जरिए वोटरों के नाम प्रभावित हो सकते हैं. INDIA ब्लॉक के नेता इस प्रक्रिया को वापस लेने की मांग कर रहे हैं.
आप के प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने प्रदर्शन की तस्वीरें ट्वीट करते हुए लिखा कि देश में वोट चोरी अब नहीं चलेगी.
वहीं दिल्ली कांग्रेस का कहना है कि वोटर लिस्ट लोकतंत्र की बुनियाद है. ऐसे में मतदाताओं के अधिकारों को प्रभावित करने वाली किसी भी प्रक्रिया का विरोध किया जा रहा है. विपक्षी दल चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता की भी मांग कर रहे हैं.
इस प्रदर्शन में कांग्रेस के अलावा CPI, CPI(M), RJD, NCP और RSP समेत कई दल शामिल हैं. आम आदमी पार्टी भी प्रदर्शन में हिस्सा ले रही है. दिल्ली की विपक्षी पार्टियों के नेता और कार्यकर्ता मौके पर मौजूद हैं.
प्रदर्शन के बीच दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी है. जंतर-मंतर पर बैरिकेडिंग की गई है. चुनाव आयोग के दफ्तर और संसद मार्ग के आसपास भी सुरक्षा बढ़ाई गई है. इससे पहले भी INDIA ब्लॉक के नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था. इसके बाद इन इलाकों में सुरक्षा बढ़ाई गई.
वोट चोरी के आरोप में AAP का मार्च, कश्मीरी गेट पर बैरिकेडिंग
आम आदमी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता कश्मीरी गेट के पास सिंधी अकादमी से दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) के दफ्तर की ओर मार्च कर रहे हैं. AAP वोट चोरी का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन कर रही है. पुलिस ने बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रास्ते में रोक दिया है.
प्रदर्शन में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी उठ रही है. विपक्षी दलों ने SIR को लेकर चुनाव आयोग की भूमिका पर सवाल उठाए हैं. उनका कहना है कि चुनाव प्रक्रिया में लोगों का भरोसा बना रहना जरूरी है. इसके लिए वोटर लिस्ट में बदलाव की प्रक्रिया साफ और पारदर्शी होनी चाहिए.
इस मुद्दे पर विपक्षी दलों की बैठक भी हुई थी. इसी बैठक में संयुक्त विरोध का फैसला लिया गया. INDIA ब्लॉक के दल SIR के मुद्दे को लगातार उठा रहे हैं.
'हजारों FIR दर्ज कर लें, लोकतंत्र बचाने की लड़ाई पर गर्व'
कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने कहा कि सरकार चाहे हजारों FIR दर्ज कर ले, उन्हें इसकी परवाह नहीं है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस देश के लोकतंत्र की रक्षा के लिए लड़ रही है और उन्हें इस लड़ाई पर गर्व है.
AAP विधायक संजीव झा ने ज्ञानेश कुमार पर साधा निशाना
दिल्ली के कश्मीरी गेट स्थित मुख्य निर्वाचन अधिकारी के दफ्तर के बाहर AAP के प्रदर्शन के दौरान विधायक संजीव झा ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि दिल्ली में वोट चोरी करके सरकारें बनाई गईं और देशभर में भी वोट चोरी हुई है. उन्होंने आरोप लगाया कि फॉर्म-6 में सुप्रीम कोर्ट की अनुमति के बिना बदलाव किए गए. संजीव झा ने कहा कि INDIA गठबंधन के नेता भी यहां पहुंच रहे हैं और वे चुनाव आयोग से मिलने जा रहे हैं.
INDIA ब्लॉक के सांसदों के लिए कांग्रेस अध्यक्ष ने रखा लंच
प्रदर्शन के बीच कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने INDIA ब्लॉक के सांसदों के लिए जनपथ स्थित सागर रत्ना रेस्टोरेंट में लंच रखा है. TMC सांसद डेरेक ओ'ब्रायन समेत कई विपक्षी नेता यहां पहुंचे हैं. कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम भी पहुंचे.
CPI सांसद पी. संदोश कुमार ने कहा कि रणनीति सार्वजनिक नहीं की जाती. उन्होंने कहा कि लंच के दौरान आगे की कार्रवाई पर चर्चा होती है और फैसला लिया जाता है. उन्होंने CEC के खिलाफ आंदोलन जारी रखने की बात कही.
वहीं, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कांग्रेस नेताओं के खिलाफ FIR पर RJD सांसद मनोज झा ने कहा कि कितनी भी FIR दर्ज हो जाएं, इससे आंदोलन पर असर नहीं पड़ता.