scorecardresearch
 

'नहीं जानता था कि वह अरबपति हैं', मालदीव में बोट पलटने के बाद गौतम सिंघानिया को बचाने वाले शख्स ने क्या बताया?

गौतम सिंघानिया से जुड़ा स्पीडबोट हादसा 21 मार्च को फेलिधू द्वीप के पास हुआ, जहां सात लोगों से भरी नाव पलट गई. स्थानीय अधिकारी शुजाउ अली ने बिना पहचान जाने सभी की मदद की. हादसे में सिंघानिया को मामूली चोटें आईं और उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई. रिपोर्ट्स के मुताबिक, हादसे के दौरान पांच लोग समुद्र में गिर गए थे.

Advertisement
X
गौतम सिंघानिया मालदीव घूमने गए थे. Photo ITG
गौतम सिंघानिया मालदीव घूमने गए थे. Photo ITG

रेमंड के मालिक गौतम सिंघानिया से जुड़े स्पीडबोट हादसे के बाद उन्हें बचाने वाले स्थानीय अधिकारी ने कहा कि उन्हें इस बात की जानकारी ही नहीं थी कि वे किसी अरबपति की मदद कर रहे हैं. यह हादसा 21 मार्च को फेलिधू द्वीप के पास हुआ, जब सात लोगों को लेकर जा रही तेज रफ्तार नाव पलट गई. उन्होंने कहा, 'मुझे मालूम नहीं था कि मैं किसी अरबपति को बचा रहा हूं.' 

वाव एटोल काउंसिल के अध्यक्ष शुजाउ अली ने बताया कि उन्हें सुबह-सुबह मदद के लिए कॉल मिली, जिसके बाद वे तुरंत मौके पर पहुंचे. उन्होंने कहा कि उस समय सभी को सामान्य नागरिक समझकर ही सहायता दी गई.

इलाज के बाद मिली छुट्टी
हादसे में गौतम सिंघानिया को मामूली चोटें आईं और उन्हें अस्पताल में इलाज के बाद अगले दिन छुट्टी दे दी गई. उनके साथ एक ब्रिटिश नागरिक भी भारत लौट आया. नाव में सवार लोगों में दो महिलाएं (एक ब्रिटिश और एक रूसी) और पांच भारतीय शामिल थे.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, हादसे के दौरान पांच लोग समुद्र में गिर गए थे. जहां सिंघानिया को सुरक्षित निकाल लिया गया, वहीं भारतीय रैली ड्राइवर हरी सिंह और नौकायन विशेषज्ञ महेश रामचंद्रन अब भी लापता हैं. बताया जा रहा है कि महेश रामचंद्रन ही उस लक्जरी यॉट के कप्तान थे.

Advertisement

बचाए गए लोगों में कुछ को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई गई. प्रशासन ने बताया कि लापता लोगों की तलाश के लिए समुद्र में बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है, जिसमें गोताखोरों की भी मदद ली जा रही है. फिलहाल दोनों लापता लोगों का कोई सुराग नहीं मिला है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement