उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में घरेलू विवाद के चलते एक व्यक्ति द्वारा खुद को आग लगाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. इस दर्दनाक घटना में गंभीर रूप से झुलसे व्यक्ति की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. शुरुआती जांच में मामला पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चल रहे विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है.
पुलिस के मुताबिक घटना सोमवार की है. जहांगीरपुरी थाना पुलिस को एक PCR कॉल के जरिए सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति ने खुद को आग लगा ली है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची. वहां पुलिसकर्मियों ने दीपांश चौधरी नाम के व्यक्ति को गंभीर रूप से झुलसी हुई हालत में पाया. उसकी स्थिति बेहद नाजुक थी. पुलिस ने तत्काल उसे बाबू जगजीवन राम मेमोरियल (BJRM) अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया.
हालांकि, गंभीर रूप से झुलस जाने के कारण दीपांश ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया. जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि दीपांश और उसकी पत्नी के बीच पिछले काफी समय से वैवाहिक विवाद चल रहा था. दोनों के बीच संबंधों में तनाव था और इस संबंध में पहले भी ‘महिलाओं के खिलाफ अपराध’ (CAW) सेल में शिकायत दर्ज कराई जा चुकी थी.
मामले की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना वाले दिन भी पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद और कहासुनी हुई थी. बताया जा रहा है कि बहस के दौरान दीपांश ने आत्महत्या करने की धमकी दी थी. इसके बाद वह अपनी पत्नी के घर के बाहर पहुंचा और कथित तौर पर खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली. आसपास मौजूद लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की और पुलिस को सूचना दी, लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से झुलस चुका था.
पुलिस का कहना है कि अब तक की जांच में किसी साजिश या आपराधिक षड्यंत्र के संकेत नहीं मिले हैं. फिलहाल मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है. पुलिस मृतक के परिवार वालों और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि घटना की पूरी परिस्थितियों का पता लगाया जा सके. इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई.