scorecardresearch
 

आतंकी निशाने पर थे पुलिस लाइन, रेलवे स्टेशन और बाजार... दिल्ली में पेट्रोल बम हमले की साजिश का खुलासा

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पाकिस्तान समर्थित दो आतंकी मॉड्यूल के छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है. एक मॉड्यूल दिल्ली में पेट्रोल बम हमलों की साजिश रच रहा था, जबकि दूसरा सीमा पार से हथियारों की तस्करी कर आतंकवाद को फंड कर रहा था.

Advertisement
X
दिल्ली में आतंकी साजिश का खुलासा हुआ है
दिल्ली में आतंकी साजिश का खुलासा हुआ है

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल द्वारा हाल ही में पकड़े गए पाकिस्तान समर्थित आतंकी मॉड्यूल से जुड़े मामले में बड़ा खुलासा हुआ है. जांच में सामने आया है कि आतंकियों ने राजधानी दिल्ली के कई संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों को पेट्रोल बम हमलों के लिए संभावित निशाना बनाया था. इनमें सिविल लाइंस स्थित न्यू पुलिस लाइंस, आनंद विहार आईएसबीटी, रेलवे स्टेशन और दिल्ली के व्यस्त बाजार शामिल थे.

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों के मोबाइल फोन से ऐसे चैट और रेकी के वीडियो मिले हैं, जिन्हें कथित तौर पर पाकिस्तान स्थित आईएसआई से जुड़े हैंडलर शहजाद भट्टी को प्रतिबंधित मैसेजिंग ऐप के जरिए भेजा गया था. जांच में सोशल मीडिया चैट भी बरामद हुई हैं, जिनसे हमले की तैयारी और पाकिस्तान से मिल रहे निर्देशों का खुलासा हुआ है.

पुलिस के अनुसार, जून के अंतिम सप्ताह की चैट में शहजाद भट्टी ने मुख्य आरोपी दानिश उर्फ चांद मियां से पूछा था कि "सामान" जुटा लिया गया है या नहीं. जांच में पता चला कि दिल्ली में रेकी और हमले की योजना बनाने की जिम्मेदारी दानिश को दी गई थी. सफल हमले के बदले उसे 20 हजार रुपये देने का कथित वादा भी किया गया था. वहीं उसके साथी सलमान को हमले की वीडियो रिकॉर्डिंग कर सीधे शहजाद भट्टी को भेजने का काम सौंपा गया था.

Advertisement

स्पेशल सेल ने दानिश और सलमान को राजघाट के पीछे विजय घाट इलाके से गिरफ्तार किया था. पुलिस ने उनके कब्जे से कथित तौर पर हमले में इस्तेमाल किए जाने वाले पेट्रोल बम भी बरामद किए हैं.

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी केवल शहजाद भट्टी ही नहीं, बल्कि पाकिस्तान में बैठे इसी नेटवर्क से जुड़े 10 अन्य ऑपरेटिव के भी संपर्क में थे. पुलिस ने इससे पहले एक अन्य मॉड्यूल का भी खुलासा किया था, जो ड्रोन के जरिए भारत भेजे गए हथियारों की तस्करी कर रहा था.

दिल्ली पुलिस ने सोमवार को पाकिस्तान समर्थित दो अलग-अलग आतंकी मॉड्यूल से जुड़े छह आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी दी थी. पुलिस के अनुसार, एक मॉड्यूल दिल्ली में पेट्रोल बम हमलों की साजिश रच रहा था, जबकि दूसरा सीमा पार से हथियारों की तस्करी कर आतंकवाद और संगठित अपराध के लिए फंडिंग में जुटा था. मामले की जांच जारी है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement