
दशहरा खत्म होते ही दिल्ली की हवा एक बार फिर खराब होने लगी है. बुधवार सुबह राजधानी के कई इलाकों में धुंध और स्मॉग देखने को मिला. अक्षरधाम इलाके में CWG अपार्टमेंट्स के पास बायोडायवर्सिटी पार्क में कोहरा भी छाया रहा. तापमान में गिरावट के साथ हवा की गुणवत्ता को लेकर भी चिंता बढ़ने लगी है.
एयर क्वालिटी अर्ली वार्निंग सिस्टम (AQEWS) के मुताबिक, दिल्ली की हवा बुधवार से 'खराब' श्रेणी में पहुंच सकती है और 23 अक्टूबर तक इसी स्थिति में रहने का अनुमान है. मंगलवार को दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 179 दर्ज किया गया था, जो 'मध्यम' श्रेणी में आता है.
हालांकि, बुधवार सुबह तक राजधानी के कई इलाकों में AQI पहले ही 'खराब' श्रेणी में पहुंच गया था. आधी रात के आंकड़ों के मुताबिक, बवाना में AQI 273, द्वारका सेक्टर-8 में 262, दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी में 248 और डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में 230 दर्ज किया गया. 201 से 300 के बीच AQI को 'खराब' श्रेणी में रखा जाता है.

दशहरा के बाद बढ़ी चिंता
दिल्ली में मंगलवार को दशहरा मनाया गया. इस दौरान कई जगह रामलीला के आयोजन हुए और रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतले जलाए गए. कई जगह आतिशबाजी भी हुई. इसके बाद बुधवार सुबह हवा में धुंध और स्मॉग देखने को मिला है. सर्दी बढ़ने के साथ दिल्ली-एनसीआर में हवा की गुणवत्ता आमतौर पर प्रभावित होती है. तापमान कम होने और हवा की रफ्तार कम रहने पर प्रदूषक हवा में फंस सकते हैं. इसके अलावा आसपास के राज्यों में पराली जलाने से निकलने वाला धुआं भी दिल्ली की हवा को प्रभावित करने वाला एक कारण है.

दक्षिण भारत में बारिश का असर
दूसरी ओर, दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश का दौर बना हुआ है. तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में अगले कुछ दिनों के दौरान भारी बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं.
तमिलनाडु में 21 अक्टूबर को कई इलाकों में बारिश होने की संभावना है. कुछ जगहों पर बहुत भारी बारिश भी हो सकती है. मौसम विभाग ने चेन्नई, तिरुवल्लूर, चेंगलपट्टू, कांचीपुरम, कुड्डालोर और तिरुचि समेत 17 जिलों में 23 अक्टूबर तक येलो अलर्ट जारी किया है. इन इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और तेज झोंकों की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. 22 से 24 अक्टूबर के बीच भी कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है.
केरल और माहे में 21 से 24 अक्टूबर के बीच कई इलाकों में बारिश का अनुमान है. कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है. लक्षद्वीप में 21 से 23 अक्टूबर के बीच बारिश होने की संभावना है. केरल, माहे और लक्षद्वीप में 21 और 22 अक्टूबर को गरज-चमक और बिजली गिरने की भी आशंका है.