दिल्ली में ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर चल रहे विरोध प्रदर्शनों के बीच NDMC ने कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क दो दिन के लिए बंद कर दिया है. आदेश के मुताबिक पार्क 16 और 17 अक्टूबर को आम लोगों के लिए बंद रहेगा. यह फैसला ऐसे समय में आया है, जब कॉकरोच जनता पार्टी ने शुक्रवार को इसी पार्क में 'लहरा दो तिरंगा' मार्च निकालने का ऐलान किया है.
एनडीएमसी ने 15 अक्टूबर को जारी नोटिस में कहा कि प्रशासनिक कारणों से कनॉट प्लेस का सेंट्रल पार्क 16 और 17 अक्टूबर 2026 को आम जनता के लिए बंद रहेगा. यह नोटिस एनडीएमसी के निदेशक की ओर से जारी किया गया है.
इससे पहले गुरुवार को दिल्ली हाईकोर्ट ने एक याचिका पर सुनवाई करते हुए दिपके के मार्च पर रोक लगाने से इनकार कर दिया. ये याचिका कनॉट प्लेस के पालिका बाजार के रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं की ओर से दायर की गई थी. याचिकाकर्ताओं ने दलील दी कि सेंट्रल पार्क कोई विरोध-प्रदर्शन स्थल नहीं है. साथ ही, प्रदर्शन के दौरान पुलिस बैरिकेडिंग और पाबंदियों से व्यापारियों, पैदल यात्रियों और यातायात व्यवस्था पर बुरा असर पड़ेगा, जिससे व्यावसायिक गतिविधियां में बाधा आएगी.
दिपके की आम लोगों से अपील
सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने शुक्रवार शाम 5 बजे सेंट्रल पार्क में 'लहरा दो तिरंगा' मार्च का आह्वान किया है. इस मार्च के जरिए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे, वोटर लिस्ट से कथित तौर पर नाम हटाए जाने और चुनाव आयोग की जवाबदेही की मांग उठाई जानी है. गुरुवार को दिपके ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर लोगों से इस 'तिरंगा मार्च' में शामिल होने की अपील की.
उन्होंने कहा, 'मैं सभी से अपील करता हूं कि कल शाम 5 बजे हमारे तिरंगा मार्च में शामिल हों. उन्होंने आशुतोष और सौरव को तिरंगा फहराने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है. तिरंगा फहराना कोई अपराध नहीं है. हमारे तिरंगे से बड़ा कुछ नहीं है. मैं सभी राजनीतिक दलों और सिविल सोसाइटी से अपील करता हूं कि कल शाम 5 बजे हमारे साथ जुड़ें.'