scorecardresearch
 

शराब, झगड़ा और मौत... रायगढ़ में दोस्तों ने अपने ही साथी की पीट-पीटकर की हत्या

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में शराब पार्टी के दौरान चखना के लिए आम तोड़ने की बात पर विवाद इतना बढ़ गया कि तीन दोस्तों ने मिलकर एक किशोर की पीट-पीटकर हत्या कर दी. वारदात के बाद आरोपियों ने शव बरगद के पेड़ के नीचे छिपाकर हादसा दिखाने की कोशिश की. पुलिस ने दो आरोपियों और एक नाबालिग को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.

Advertisement
X
तीनों आरोपी गिरफ्तार.(Photo: Naresh Sharma/ITG)
तीनों आरोपी गिरफ्तार.(Photo: Naresh Sharma/ITG)

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में शराब पार्टी के दौरान मामूली विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया. चखना के लिए आम तोड़कर लाने की बात पर शुरू हुए झगड़े में तीन दोस्तों ने मिलकर अपने ही एक किशोर साथी की हाथ-मुक्कों से बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई. वारदात के बाद आरोपियों ने शव को बरगद के पेड़ के नीचे छिपाकर पूरे मामले को दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की. पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों समेत एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है. मामला खरसिया थाना क्षेत्र का है.

रायगढ़ पुलिस के अनुसार, खरसिया थाना क्षेत्र के ग्राम गुरदा के डोगरमुड़ा खार स्थित बरगद के पेड़ के नीचे 25 मई की सुबह एक किशोर का शव बरामद किया गया था. शव मिलने की सूचना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. इस दौरान मृतक के बड़े भाई ने पुलिस को बताया कि 24 मई की सुबह गांव का रहने वाला ऋषि डनसेना उसके छोटे भाई को काम कराने के लिए अपने साथ लेकर गया था. देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की.

यह भी पढ़ें: रायगढ़ में अफीम की खेती का बड़ा खुलासा, एक आरोपी हिरासत में, जांच तेज

अगली सुबह गुरदा के डोगरमुड़ा खार के पास स्थित बरगद के पेड़ के नीचे किशोर का शव मिला. मृतक के शरीर पर चोट और खरोंच के गंभीर निशान पाए गए. शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की.

Advertisement

साथ बैठकर कर रहे थे शराब सेवन

पुलिस की पूछताछ में ऋषि डनसेना ने बताया कि वह मृतक को अपने अन्य साथियों चन्द्रशेखर उर्फ चंदा, रघुनाथ उर्फ रघु सिंह और एक नाबालिग बालक के पास छोड़कर काम पर चला गया था. इसी दौरान जब उसने चन्द्रशेखर को फोन किया तो फोन पर मारपीट और चिल्लाने की आवाज सुनाई दी. इस पर उसने झगड़ा बंद करने के लिए कहा था.

इसके बाद पुलिस ने तीनों संदेहियों को हिरासत में लेकर अलग-अलग पूछताछ की. पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि सभी लोग साथ बैठकर शराब पी रहे थे. इसी दौरान चखना के लिए आम तोड़कर लाने की बात को लेकर मृतक और चन्द्रशेखर के बीच विवाद शुरू हो गया.

विवाद बढ़ने पर तीनों आरोपियों ने मिलकर किशोर के साथ मारपीट की. मारपीट के दौरान किशोर खेत की मेड़ से फिसलकर तालाब की ओर गिर पड़ा. गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई.

शव छिपाकर दुर्घटना दिखाने की कोशिश

आरोपियों ने पुलिस को बताया कि घटना के बाद उन्होंने साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को उठाकर बरगद के पेड़ के नीचे लिटा दिया, ताकि मामला दुर्घटना जैसा दिखाई दे. पुलिस ने मामले का खुलासा होने के बाद आरोपियों को घटना स्थल पर ले जाकर पूरी घटना का रिकंस्ट्रक्शन कराया.

Advertisement

खरसिया पुलिस ने आरोपियों के घटना के समय पहने कपड़ों को भी जब्त किया है. जांच के दौरान हत्या और साक्ष्य छिपाने के प्रयास की पुष्टि होने पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 238 और 3(5) बीएनएस की धाराएं भी जोड़ीं.

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया. गिरफ्तार आरोपियों में चन्द्रशेखर उर्फ चंदा डनसेना, निवासी ग्राम बरभौना थाना छाल जिला रायगढ़, रघुसिंह उर्फ रघुनाथ राठिया निवासी बेहरामुड़ा थाना छाल जिला रायगढ़ तथा एक नाबालिग शामिल है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement