scorecardresearch
 

रायगढ़ में अफीम की खेती का बड़ा खुलासा, एक आरोपी हिरासत में, जांच तेज

रायगढ़ के तमनार ब्लॉक के आमाघाट में करीब एक एकड़ जमीन पर अवैध अफीम की खेती का पुलिस ने खुलासा किया है. एक आरोपी मार्शल सांगा को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी है और पुलिस पूरे नेटवर्क और अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है.

Advertisement
X
आमाघाट में अफीम की अवैध खेती का खुलासा (Photo: Screengrab)
आमाघाट में अफीम की अवैध खेती का खुलासा (Photo: Screengrab)

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के तमनार ब्लॉक के आमाघाट इलाके में पुलिस ने अफीम की अवैध खेती का बड़ा खुलासा किया है. करीब एक एकड़ जमीन पर लंबे समय से अफीम की खेती की जा रही थी. खुफिया सूचना के आधार पर तमनार पुलिस ने छापेमारी कर इस पूरे इलाके को सील कर दिया है.

इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है, जिससे पूछताछ की जा रही है. आरोपी की पहचान मार्शल सांगा के रूप में हुई है, जो झारखंड का रहने वाला है और पिछले कुछ सालों से इस इलाके में रहकर अपने साथियों के साथ अफीम की खेती कर रहा था.

एक एकड़ जमीन पर लंबे समय से चल रही थी खेती

पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि आमाघाट क्षेत्र में गुप्त रूप से अफीम की खेती हो रही है. इसके बाद तमनार और पूंजीपथरा पुलिस ने संयुक्त रूप से जांच शुरू की. मुखबिरों की मदद से जानकारी जुटाई गई और रात में कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया गया.

पुलिस के अनुसार खेत में लगी फसल की जांच के बाद यह पुष्टि हुई कि वह अफीम की खेती है. मामले की गंभीरता को देखते हुए रायपुर से फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है, ताकि अफीम की गुणवत्ता की जांच की जा सके.

Advertisement

जमीन और अन्य आरोपियों की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि जिस जमीन पर अफीम की खेती की जा रही थी, वह निजी है या शासकीय. इसके साथ ही इस अवैध खेती में और कितने लोग शामिल हैं, इसका पता लगाया जा रहा है. छत्तीसगढ़ में इससे पहले दुर्ग और बलरामपुर जिलों में भी अफीम की खेती के मामले सामने आ चुके हैं. अब रायगढ़ में इस खुलासे के बाद पुलिस ने अलग से जांच टीम बनाकर पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement