छत्तीसगढ़ में भिलाई के एक बड़े कार शोरूम में उस वक्त हंगामा मच गया, जब शोरूम मे कार्यरत महिला स्टाफ का गुस्सा सीधे शोरूम के जी एम पर फूट पड़ा. महिला स्टाफ ने जी एम अंकित आनंद के चेहरे पर स्याही फेंकी, थप्पड़ मारे और लात चला दी. पूरी घटना का VIDEO अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. मामला दुर्ग जिले के भिलाई नगर स्थित स्मृति नगर पुलिस चौकी क्षेत्र स्थित चौहान ऑटोमोबाइल शोरूम का बताया जा रहा है. आरोप है कि शोरूम के जी एम महिला स्टाफ को अश्लील मैसेज भेजते थे, गलत तरीके से बात करते थे और छेड़छाड़ करते थे.
अचानक फूटा महिला का गुस्सा
शोरूम में काम करने वाली महिला कर्मचारी पहले ही थाने में शिकायत दर्ज करा चुकी थी. फिर पुलिस उसी महिला की शिकायत की जांच के लिए जी एम को लेकर शोरूम पहुंची थी. इसी दौरान महिला का गुस्सा अचानक फूट पड़ा. वीडियो में देखा जा सकता है कि जैसे ही जी एम ऑफिस के अंदर पहुंचे, महिला कर्मचारी सामने आई और उनके चेहरे व शर्ट पर स्याही फेंक दी. इसके तुरंत बाद उसने थप्पड़ मारे और लात भी चलाई.
बीच-बचाव करते रहे पुलिस अधिकारी
घटना के दौरान वहां मौजूद पुलिस अधिकारी बीच-बचाव करते नजर आए, लेकिन महिला स्टाफ काफी गुस्से में थी. उस समय मौके पर कोई महिला पुलिस कर्मी मौजूद नहीं थी, इसलिए पुलिस कर्मचारी सिर्फ समझाइश देते दिखाई दिए. बताया जा रहा है कि घटना के वक्त ऑफिस में अन्य महिला कर्मचारी भी मौजूद थीं, लेकिन किसी ने बीच-बचाव नहीं किया.
3 से 4 अन्य महिला कर्मचारी भी परेशान
इधर शोरूम विवाद के बीच अब और भी गंभीर आरोप सामने आने लगे हैं. जानकारी के अनुसार सिर्फ एक महिला ही नहीं, बल्कि 3 से 4 अन्य महिला कर्मचारी भी जी एम के व्यवहार से परेशान बताई जा रही हैं. हालांकि अब तक किसी ने खुलकर मीडिया के सामने बयान नहीं दिया है.भिलाई नगर CSP सत्य प्रकाश तिवारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और अन्य महिला कर्मचारियों के बयान भी लिए जाएंगे.
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
फिलहाल यह मामला पूरे भिलाई में चर्चा का विषय बना हुआ है. वायरल वीडियो के बाद लोग सोशल मीडिया पर लगातार अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं. स्मृति नगर चौकी अंतर्गत चौहान आटो मोबाइल का एक शो रूम है, शो रूम के जी. एम. थे अंकित आंनद के विरुद वहाँ की कार्यरत कुछ महिला कर्मी के द्वारा शोशल मीडिया व वार सैफ के माध्यम से उनको आपत्तिजनक मैसेज भेजने के सम्बन्ध में प्रथम सूचना दर्ज की गई है, पुलिस के द्वारा करवाई करते हुए प्रकरण के आरोपी अंकित आंनद के विरुद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज कर उचित वैधानिक कारवाई की गई है.