टीवी के टॉप शो 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2' को लेकर फैंस की एक्साइटमेंट सातवें आसमान पर है. शो ने एक बार फिर रोमांचक मोड़ ले लिया है. पब्लिक डिमांड पर आकाशदीप सहगल की शो में फिर से एंट्री हो गई है. आकाशदीप ने शो में तुलसी के पोते के रूप में एंट्री की है. मगर ये एंट्री शांतिनिकेतन की नींव को हिला सकती है.
शांतिनिकेतन के दरवाजे पर अंश का बेटा
'क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2' में आकाशदीप सहगल, अंश गुजराल के बेटे के रोल में दिखाई देंगे. शो का प्रोमो वीडियो शेयर कर दिया गया है. अंश गुजराल के बेटे (आकाशदीप) स्वैग से शांतिनिकेतन में एंट्री लेते नजर आए. उनकी शातिर मुस्कान देखकर लग रहा है कि वो तुलसी की जिंदगी में हलचल मचाने वाले हैं.
वहीं, दूसरी ओर तुलसी और मिहिर पुरानी यादों को दोहराते दिखे. वो आने वाले तूफान से बेखबर नजर आए. प्रोमो के कैप्शन में लिखा है- घर के दरवाजे पर नई दस्तक...क्या साथ लाएगी कई पुराने सवाल.
TRP के टूटेंगे रिकॉर्ड्स
अंश गुजराल के बेटे की एंट्री कहानी में नया मोड़ लाएगी. तुलसी विरानी को फिर से अतीत का सामना करना होगा. आने वाले दिनों में कई ट्विस्ट एंड टर्न्स देखने को मिलेंगे, जो फैंस के लिए किसी ट्रीट से कम नहीं होंगे. इससे शो की टीआरपी को भी तगड़ा उछाल मिलेगा.
बता दें कि तुलसी विरानी ने सालों पहले अपने बिगड़ैल बेटे अंश गुजराल की अपनी हाथों से हत्या की थी. मां की ममता को दबाकर उन्होंने सच का साथ देते हुए अंश का गोली मारकर खात्मा कर दिया था. ये एपिसोड इतना जरदस्त तरीके से हिट हुआ था कि फैंस आज तक उस सीन को भूल नहीं पाए हैं. हालांकि, अब ये देखना दिलचस्प होगा कि क्या अंश गुजराल के बेटे की एंट्री से शो में इतिहास फिर से दोहराएगा या फिर कोई नया ड्रामा देखने को मिलेगा. पोते की एंट्री तुलसी के लिए कितनी मुश्किलें लेकर आएगी....ये जानने के लिए एपिसोड को जरूर देखें.