थलपति विजय ने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 में ऐतिहासिक जीत दर्ज की है. उनकी पार्टी TVK ने 108 सीटें जीतकर बड़ा उलटफेर किया. इसी बीच सोशल मीडिया पर उनकी फिल्म Jana Nayagan (जन नेता) का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे लेकर लोग दावा कर रहे हैं कि फिल्म में विजय को 'तमिलनाडु के मुख्यमंत्री' के तौर पर दिखाया गया है.
क्या है वायरल वीडियो में?
वायरल क्लिप में विजय की एंट्री के दौरान स्क्रीन पर “Tamil Nadu Chief Minister – C Joseph Vijay” लिखा दिखाई देता है. थिएटर में मौजूद लोग इस मोमेंट पर जोरदार जश्न मनाते नजर आ रहे हैं. वीडियो को देखकर कई फैंस खुश हो गए और इसे विजय की असली राजनीतिक जीत से जोड़ने लगे.
फैक्ट चेक क्या कहता है?
फिलहाल इस वायरल वीडियो की सच्चाई की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. अभी तक ये साफ नहीं है कि ये क्लिप असली है या एडिटेड. इसकी कोई ऑफिशियल जानकारी सामने नहीं आई है कि ये क्लिप किन सिनेमाघरों में कहां से जारी किया गया है.
ध्यान देने वाली बात ये भी है कि विजय ने अभी तक मुख्यमंत्री पद की शपथ नहीं ली है. वहीं जन नेता फिल्म की रिलीज डेट का भी अब तक आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है. ऐसे में वायरल वीडियो को पूरी तरह सच मानना सही नहीं होगा. सवाल उठ रहे हैं कि- जब फिल्म के रिलीज डेट की कोई घोषणा ही नहीं हुई और न ही सेंसर बोर्ड या मेकर्स की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि हुई है तो फिर ये क्लिप कहां से आई?
माना जा रहा है कि ये विजय के फैन्स की बनाई वीडियो है.
‘जना नेता’ के साथ क्या हुआ?
जन नेता पहले 9 जनवरी 2026 को रिलीज होने वाली थी. लेकिन सेंसर बोर्ड ने फिल्म को क्लियरेंस नहीं दिया और कुछ बदलाव करने को कहा. इसके बाद फिल्म के मेकर्स KVN Productions ने मद्रास हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट तक कानूनी लड़ाई लड़ी, लेकिन उन्हें राहत नहीं मिली. आखिरकार मेकर्स फिल्म में बदलाव करने के लिए तैयार हो गए.
हालांकि अब तक रिवाइज्ड वर्जन को रीविजिटिंग कमेटी ने नहीं देखा है. चुनाव से पहले फिल्म टीवी और ऑनलाइन भी लीक हो गई थी, जिसके बाद मेकर्स ने सख्त कार्रवाई की और लोगों से मोबाइल पर लीक वर्जन न देखने की अपील की थी.
अब सोशल मीडिया पर कई लोग मान रहे हैं कि चुनाव नतीजों के बाद फिल्म जल्द रिलीज हो सकती है. हालांकि मेकर्स ने अभी तक नई रिलीज डेट की घोषणा नहीं की है. एच विनोत के निर्देशन में बनी इस फिल्म में पूजा हेगड़े, बॉबी देओल, ममिता बैजू, प्रकाश राज, प्रियामणि और कई दूसरे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे.