कुछ फिल्में बॉक्स ऑफिस पर सफल होती हैं, तो कुछ असफल रह जाती हैं. लेकिन किसी फिल्म के नहीं चलने पर उसके एक्टर्स को ट्रोल करना कहा तक सही है? इन दिनों फिल्म इंडस्ट्री में इसी मुद्दे को लेकर बहस छिड़ी हुई है. हाल ही में सलमान खान ने बिग बॉस 20 के वीकेंड का वार में इस पर अपनी नाराजगी जाहिर की थी. सलमान ने फिल्मों के फ्लॉप होने पर एक्टर्स को निशाना बनाने वालों को खरी खोटी सुनाई थी. इस मामले पर अब सिंगर पलाश सेन ने प्रतिक्रिया दी है.
पलाश ने एक इंटरव्यू के दौरान फिल्म इंडस्ट्री में नेगेटिव पीआर कैंपेन पर खुलकर बात की. उन्होंने एक घटना का जिक्र करते हुए कहा कि इंडस्ट्री की एक बड़ी स्टार की फिल्म के ट्रेलर को लाइक्स से ज्यादा डिसलाइक्स मिले थे. इसके बाद यूट्यूब ने डिसलाइक फीचर बंद कर दिया था. पलाश का कहना है कि लेकिन हमें यह समझना जरूरी है कि इस तरह के मामलों में दर्शकों का रिएक्शन असली होता है या इसके पीछे किसी तरह की फंडिंग होती है.
इस पर जब पत्रकार ने सलमान खान का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने अपने शो में इस पर बात की थी. तो पलाश ने कहा कि सलमान खुद इस समस्या का हिस्सा रहे हैं.
उन्होंने कहा कि सलमान खान खुद नेगेटिव पेड पीआर कैंपेन का हिस्सा रह चुके हैं. वह (सलमान) इस तरह की समस्या की शुरुआत करने वालों में से एक रहे हैं. हमें ये बात नहीं भूलनी चाहिए. समस्या कभी भी नीचे से शुरू नहीं होती बल्कि इसकी शुरुआत ऊपर से होती है. मैं किसी पर कोई उंगली नहीं उठा रहा, लेकिन अगर आप तलवार के सहारे जीतते हैं, तो एक दिन उसी तलवार से मारे भी जा सकते हैं. आज जिन भी लोगों ने फिल्म इंडस्ट्री में इतने सालों से अपनी जगह बनाए रखी है, उन्होंने निश्चित रूप से पीआर करने वालों के साथ काम किया है. हम सब इस बात को अच्छे से जानते हैं.'
उन्होंने आगे कहा, 'मैं आपको बता रहा हूं कि सलमान खुद इस समस्या का हिस्सा रहे हैं. हम सभी इस बात को जानते है. यहां तक कि उन्होंने यह बात 'बिग बॉस 20' शो में कही. हमें 100 प्रतिशत यह भी नहीं पता कि यह सब स्क्रिप्टेड था या नहीं.
बता दें कि 'बिग बॉस 20' में सलमान खान ने सोशल मीडिया पर सेलिब्रिटी को ट्रोल करने के कल्चर को लेकर आलोचना की थी. उन्होंने कटरीना कैफ को ट्रोल करने को लेकर ट्रोलर्स को जमकर फटकार लगाई थी. सलमान ने फिल्म इंडस्ट्री और मीडिया के कुछ हिस्सों पर भी सवाल उठाए थे साथ ही उन्होंने नेगेटिव पीआर कैंपेन चलाने के मुद्दे के खिलाफ सवाल उठाया था.