
काइली जेनर इन दिनों विक्टोरिया सीक्रेट की फैंटेसी ब्रा पहनने को लेकर चर्चा में बनी हुई हैं. 18 अक्टूबर को अमेरिका के लॉस एंजेलिस में विक्टोरिया सीक्रेट फैशन शो हुआ, जिसमें काइली ने पहली बार इस ब्रांड के रनवे पर एंट्री ली. काइली जेनर ने करीब पांच करोड़ डॉलर यानी लगभग 450 करोड़ रुपये की ब्रा पहनकर तहलका मचा दिया. यह ब्रा विक्टोरिया सीक्रेट की अब तक की सबसे महंगी फैंटेसी ब्रा है. लेकिन क्या आप इस ब्रांड की कहानी से वाकिफ हैं? नहीं, ना? चलिए जब काइली जेनर की फैंटेसी ब्रा पर इतनी बातें हो रही हैं, तो इस ब्रांड बनने की दिलचस्प कहानी पर भी गौर कर लेते हैं. जानते हैं कि कैसे बना था विक्टोरिया सीक्रेट.
विक्टोरिया सीक्रेट आज दुनिया के सबसे मशहूर लॉन्जरी ब्रांड्स में से एक है, लेकिन इसके पीछे की कहानी सिर्फ चमकते रैंप और ऐंजल विंग्स की नहीं है. ब्रांड के संस्थापक रॉय रेमंड ने अपनी ही बनाई दुनिया को देखते हुए जिंदगी से हार मान ली थी, जबकि बाद में ब्रांड को बड़ा बनाने वाले लेस वेक्सनर के दौर में मॉडल्स से जुड़े दर्दनाक आरोप भी सामने आए.
कैसे बना विक्टोरिया सीक्रेट?
विक्टोरिया सीक्रेट की नींव साल 1977 में रॉय रेमंड और उनकी पत्नी गे रेमंड ने रखी थी. कहा जाता है कि रॉय को ये आइडिया तब आया, जब वो पत्नी के लिए ब्रा-पैंटी खरीदने स्टोर गए और वहां असहज महसूस किया. उन्होंने एक ऐसा ब्रांड बनाने का सोचा, जहां पुरुष भी बिना झिझक के लॉन्जरी खरीद सकें. लेकिन रॉय का बिजनेस उतना सफल नहीं हो पाया. साल 1982 में उन्होंने ब्रांड लेस्ली वेक्सनर को सिर्फ 10 लाख डॉलर में बेच दिया. वेक्सनर ने इसे एक विशाल रिटेल इंपायर में बदल दिया और विक्टोरिया सीक्रेट ने इसे ग्लोबल स्टार बना दिया.
ब्रांड बनाने वाले की दर्दनाक मौत
रॉय रेमंड के लिए ये सफलता उनकी अपनी नहीं रही. ब्रांड बेचने के बाद उन्होंने नए बिजनेस की कोशिश की, लेकिन वो असफल रहे. 26 अगस्त 1993 में वो अपनी गाड़ी लेकर गोल्डन गेट ब्रिज पर चले गए. उन्होंने ब्रिज के बीचों बीच अपनी टोयोटा कार रोकी और गार्ड रेल पर चढ़ गए. वहीं उन्होंने 275 फीट नीचे गहरे पानी में कूदकर अपनी जान दे दी. यानी जिस आदमी ने विक्टोरिया सीक्रेट को जन्म दिया, वो उसकी सबसे बड़ी कामयाबी देखते हुए नहीं रहा.
मॉडल्स के साथ दर्दनाक दावे
ब्रांड के ग्लैमर के पीछे मॉडल्स की मुश्किलें भी छिपी रहीं. कई मॉडल्स ने इंडस्ट्री में दबाव, गलत व्यवहार और मानसिक परेशानी के अनुभव शेयर किए हैं. मशहूर मॉडल करेन मुल्डर ने दुर्व्यवहार और दबाव के आरोप लगाए थे, हालांकि बाद में उन्होंने अपने बयान बदले. साल 2026 में उन्होंने दावा किया कि उन्हें चुप रहने के लिए मजबूर किया गया था.

इसके अलावा, लेस्ली वेक्सनर और जेफ्री एपस्टीन के रिश्ते ने ब्रांड की इमेज को गंभीर झटका दिया. एपस्टीन सालों तक वेक्सनर के फाइनेंस मैनेजर रहे और उन्हें बड़े फाइनेंशियल अधिकार दिए गए थे. कुछ मॉडल्स ने आरोप लगाया कि एपस्टीन खुद को विक्टोरिया सीक्रेट का टैलेंट स्काउट बताकर उन तक पहुंचे.
चमक के पीछे की कीमत
विक्टोरिया सीक्रेट की कहानी बताती है कि ग्लैमर के नाम पर बनी दुनिया के पीछे कितनी तकलीफें छिपी हो सकती हैं. रैंप पर चमकने वाले एंजल विंग्स के पीछे मॉडल्स की आवाजें और ब्रांड के संस्थापक की त्रासदी, दोनों इस कहानी का दर्दनाक हिस्सा हैं.