अमेजॉन प्राइम वीडियो पर मिर्जापुर एक ऐसा शो है, जिसे सबसे ज्यादा देखा और पसंद किया गया है. इसके तीन सीजन आ चुके हैं, जो सभी हिट साबित हुए. शो से कई सारे मीम्स सोशल मीडिया पर आज भी वायरल रहते हैं. मिर्जापुर सीरीज का हर एक किरदार पॉपुलर है. अब मिर्जापुर का वही भौकाल बड़े पर्दे पर भी दिखने वाला है.
फरहान अख्तर जिन्होंने इस शो को प्रोड्यूस किया, वो अमेजॉन एमजीएम स्टूडियो के साथ मिलकर मिर्जापुर द मूवी भी ला रहे हैं. इसमें वो सारे मरे हुए किरदारों वापसी हुई है, जिनकी कहानी शो में किसी ना किसी वक्त खत्म कर दी गई थी. मुन्ना भइया, बाऊजी, कंपाउंडर जैसे आइकॉनिक किरदार फिल्म में भी अपना जलवा दिखाते नजर आएंगे.
क्यों जरूरी है मिर्जापुर फिल्म देखनी?
मिर्जापुर द मूवी को लेकर कई लोगों के मन में सवाल भी उठ रहे हैं कि इसकी कहानी आखिर कौनसे समय में सेट की गई है. चूंकि शो के मरे हुए किरदार फिल्म में वापस आए हैं, ऐसे में सब कंफ्यूज हैं कि आखिर ये फिल्म का क्या मकसद होने वाला है? इसपर अली फजल ने सफाई दी है. मिर्ची प्लस से बातचीत में गुड्डू पंडित बने एक्टर ने कहा- ये फिल्म की कहानी मिर्जापुर सीजन 1 के एक पहलू से निकली है.
'एपिसोड 6-7 के बीच से ये एक स्टोरी हमने निकाली है, जो वहां से एक दूसरी दुनिया में जाकर वापस आती है. लेकिन इसमें सबसे दिलचस्प चीज ये है कि मिर्जापुर की कहानी में और भी किरदार जुड़े हैं. अगर मिर्जापुर को आगे बढ़ाना है, तो इस फिल्म के बिना नहीं बढ़ सकेगी. ये फिल्म बेहद जरूरी है, और पिछले 10 साल में किसी भी शो के साथ किया हुआ बहुत बड़ा एक्सपेरिमेंट भी है. इंडिया में ऐसा पहली बार हो रहा है. आप मिर्जापुर फिल्म मिस नहीं कर सकते, वरना आगे आने वाले सीजन से आप कनेक्ट नहीं कर सकेंगे.'
अली फजल के साथ बैठे दिव्येंदु शर्मा भी बताते हैं कि अगर किसी ने मिर्जापुर शो नहीं देखा है, वो तब भी इस फिल्म को देख सकता है. उन्हें किरदारों के बैकग्राउंडर की जरूरत नहीं पड़ेगी. बात करें मिर्जापुर फिल्म की, तो इसे शो बनाने वाले गुरमीत सिंह ने डायरेक्ट किया है.