बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग ने हर किसी को हैरान कर दिया है. बाइक पर सवार तीन अज्ञात हमलावरों ने टाइगर की गाड़ी पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं. इस दौरान टीवी एक्टर और बिग बॉस 18 के विनर करणवीर मेहरा की कार भी ठीक पीछे थी. हमले के करीब एक घंटे बाद करणवीर ने उस खौफनाक मंजर का खुलासा किया, जिसे देखकर वह खुद भी सदमे में हैं.
'गाड़ी पहुंची तो खून के धब्बे दिखे', करणवीर ने सुनाई आपबीती
करणवीर मेहरा ने जूम से बताया कि जब उनकी कार मौके पर पहुंची, तब तक वहां हालात बदल चुके थे. उन्होंने कहा- मेरी कार टाइगर की गाड़ी के ठीक पीछे थी. जब हम गेट से बाहर निकले और मेरी गाड़ी वहां पहुंची, तो मैंने खून के धब्बे देखे. मुझे पता चला कि टाइगर के ड्राइवर को गोली लगी है.
करणवीर ने आगे कहा कि उन्हें इस बात की राहत है कि टाइगर सुरक्षित हैं, लेकिन ड्राइवर की हालत को लेकर उनका दिल दुखी है. उन्होंने उम्मीद जताई कि ड्राइवर जल्द ठीक हो जाएगा. एक्टर ने बताया कि घटनास्थल पर बच्चे भी मौजूद थे, जो जन्मदिन की पार्टी मना रहे थे. अचानक गोलियां चलने से वहां अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे.
पटाखों के बीच गूंजी गोलियों की आवाज, किसी को नहीं हुआ शक
करणवीर ने बताया कि वह मुंबई के जुहू में टाइगर श्रॉफ के साथ फुटबॉल खेलते हैं और उन्हें काफी समय से जानते हैं. हालांकि, हमले के वक्त वह हमलावरों को देख नहीं पाए. उनके मुताबिक, वहां काफी लोग मौजूद थे, जो तस्वीरें ले रहे थे. तभी अचानक गोलियों जैसी आवाजें सुनाई दीं और लोग चिल्लाने लगे कि किसी ने फायरिंग की है.
करणवीर ने कहा कि घटनास्थल के आसपास पटाखे भी फोड़े जा रहे थे, इसलिए शुरुआत में उन्हें लगा कि शायद आवाजें पटाखों की ही हैं. लेकिन जब असली गोलियों की आवाज सुनाई दी और लोगों ने शोर मचाया, तब सुरक्षा में तैनात लोगों को मामले की गंभीरता का एहसास हुआ. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई.
टाइगर के ड्राइवर को लगी गोली, CCTV खंगाल रही पुलिस
रिपोर्ट के मुताबिक, बाइक सवार हमलावरों ने टाइगर श्रॉफ की कार पर तीन से चार राउंड फायरिंग की. मुंबई पुलिस के अनुसार, ड्राइवर फिरदौस के बाएं हाथ में चोट आई है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
बैलिस्टिक रिपोर्ट में संकेत मिले हैं कि गोलियां नजदीक से चलाई गई थीं. मामले की जांच के लिए पुलिस की कई टीमें तैनात की गई हैं. हमलावरों की पहचान करने के लिए आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं.
'टाइगर को इतने सालों से जानता हूं', दोस्त को लेकर छलका करणवीर का दर्द
इस घटना ने करणवीर को भी अंदर तक झकझोर दिया है. उन्होंने कहा कि वह टाइगर को लंबे समय से जानते हैं और उनकी नजर में टाइगर बेहद अच्छे इंसान हैं, जो अपने काम पर ध्यान देते हैं और सभी के साथ सम्मान से पेश आते हैं.
करणवीर ने कहा कि टाइगर और उनके परिवार को इस तरह की स्थिति से गुजरते देखना उनके लिए भी बेहद दर्दनाक और तनावपूर्ण है. उन्होंने यह भी बताया कि टाइगर के परिवार से उनकी अच्छी जान-पहचान है.
लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली हमले की जिम्मेदारी
इस फायरिंग के मामले में लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम भी सामने आया है. एक ऑडियो क्लिप में एक शख्स ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई का छोटा भाई अनिल पंडित बताते हुए हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया. उसने हरमन संधू नाम के एक अन्य शख्स का भी जिक्र किया.
ऑडियो में कथित तौर पर धमकी देते हुए कहा गया कि अगर कोई उनकी बात माने बिना फिल्म इंडस्ट्री में काम करेगा या सलमान खान के साथ काम करेगा, तो उसे मार दिया जाएगा. हालांकि, ऑडियो में किए गए दावों और इसमें शामिल लोगों की पहचान की स्वतंत्र पुष्टि जांच का विषय है. गुजरात की जेल में बंद लॉरेंस बिश्नोई पहले भी सलमान खान को धमकियां दे चुका है. यह मामला काले हिरण के शिकार के आरोपों से जुड़ा है. साल 2018 में ट्रायल कोर्ट ने सलमान को दोषी ठहराया था, जिसके खिलाफ उन्होंने राजस्थान हाई कोर्ट में चुनौती दी है.
साल 2024 में सलमान खान के करीबी माने जाने वाले नेता बाबा सिद्दीकी की उनके घर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. उस मामले में भी बिश्नोई गैंग ने जिम्मेदारी लेने का दावा किया था. फिलहाल टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस की जांच जारी है. अब सबकी नजर इस बात पर है कि हमलावर कौन थे और इस हमले के पीछे की असली वजह क्या थी.