बॉलीवुड के हैंडसम हंक टाइगर श्रॉफ पर हुए जानलेवा हमले की कोशिश ने हर किसी को स्तब्ध कर दिया है. टाइगर इस गोलीबारी में बाल-बाल बचे. उन्हें हल्की फुल्की चोट आई है. उनके ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति को गोली लगी है. फिल्म इंडस्ट्री में टाइगर पर हुए हमले से दहशत फैली हुई है. जैकी श्रॉफ के जिगरी दोस्त और एक्टर सुनील शेट्टी ने टाइगर पर हुए हमले की निंदा की है.
दरअसल, 19 अक्टूबर को मुंबई में 'बप्पी लहिरी मार्ग' का नामकरण समारोह हुआ. इस इवेंट में बप्पी का परिवार तो शामिल था ही. फिल्म इंडस्ट्री के नामी सितारे भी पहुंचे. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस समेत जैकी श्रॉफ और सुनील शेट्टी को भी समारोह में देखा गया. यहां पैप्स से बात करते हुए सुनील शेट्टी ने टाइगर पर हुए हमले का जिक्र किया. इवेंट का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें वो जैकी श्रॉफ से गले मिले.
टाइगर के लिए क्या बोले सुनील शेट्टी?
टाइगर की गाड़ी पर हुई फायरिंग की घटना पर सुनील शेट्टी ने चिंता जताई. उन्होंने कहा, पूरी दुनिया टाइगर और जैकी दादा से प्यार करती है. अगर उनके साथ ऐसा हो सकता है, तो किसी के साथ भी ऐसा हो सकता है. ये घटना नहीं होनी चाहिए थी. टाइगर स्पोर्ट्स और एक्सरसाइज पर इतना ध्यान देते हैं. मुझे नहीं पता कि ऐसा क्यों हुआ. ऐसा बिल्कुल नहीं होना चाहिए था. हम सभी के लिए सुरक्षित रहना बेहद जरूरी है. जैकी दादा मेरे बचपन के दोस्त हैं और मैं बस यही उम्मीद करता हूं कि सब कुछ ठीक हो जाए. मुझे इस बात की भी राहत है कि टाइगर खुद ठीक हैं. इस घटना में उनके ड्राइवर को चोट लगी थी, जो फिलहाल रिकवर कर रहे हैं.
बप्पी लाहिड़ी मार्ग के लिए जताई खुशी
'बप्पी लाहिड़ी मार्ग' के नामकरण समारोह को लेकर एक्टर सुनील शेट्टी ने खुशी जाहिर की. उन्होंने कहा, मुझे लगता है कि यह सम्मान कई साल पहले ही मिल जाना चाहिए था, लेकिन देर आए दुरुस्त आए. मेरा परिवार और मैं इस बात से बेहद खुश हैं. यह वाकई बहुत अच्छी बात है. उनका सिर्फ एक गाना नहीं, बल्कि उनके सभी गाने अच्छे हैं.
वहीं महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा- बप्पी लाहिड़ी ने फिल्म इंडस्ट्री को बहुत नए गाने दिए थे. बप्पी दा मन से भी बहुत अच्छे थे. उन्होंने हम सभी को बहुत आनंद दिया था. हम आज के इस मौके पर उन्हें याद कर रहे हैं.