
बॉलीवुड एक्ट्रेस आलिया भट्ट और शरवरी की स्पाई एक्शन थ्रिलर फिल्म 'अल्फा' 3 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज हुई. जहां 'अल्फा' को लेकर क्रिटिक्स और दर्शकों की राय बंटी हुई है, वहीं कॉमेडियन समय रैना ने आलिया भट्ट और शरवरी का सपोर्ट करते हुए एक स्पेशल स्क्रीनिंग के लिए पूरा थिएटर बुक किया है. ये दोनों एक्ट्रेस उनके दोबारा शुरू हुए शो 'इंडियाज गॉट लेटेंट' के पहले एपिसोड में नजर आई थीं.
शनिवार को समय ने इंस्टाग्राम पर लिखा, "और हां... कल मैं मुंबई में 'अल्फा' देखने जा रहा हूं. मैंने पूरा थिएटर बुक किया है और आप में से 250 लोगों को WhatsApp पर टिकट भेजूंगा (अगर आप मेरी प्री-सेल लिस्ट में रजिस्टर्ड हैं).'
उन्होंने आगे कहा, 'यह आलिया और शरवरी के प्रति मेरा प्यार दिखाने का एक छोटा सा तरीका है, क्योंकि वे बहुत कूल हैं और मेरे शो के पहले एपिसोड में आईं. मैं उन दोनों को बहुत पसंद करता हूं और उनकी फिल्म देखने के लिए बहुत एक्साइटेड हूं! कल मिलते हैं!'

समय अपने शो 'इंडियाज गॉट लेटेंट' के नए सीज़न के साथ लौटे, जब एक विवाद के बाद उन्हें पहले सीजन के सभी एपिसोड हटाने पड़े थे. नए सीजन की शुरुआत आलिया भट्ट और शरवरी के पैनलिस्ट के तौर पर शामिल होने से हुई. शो के दौरान, समय ने आलिया की पिछली फ्लॉप फिल्मों, जैसे 'जिगरा', पर मजाक किया था, जबकि शरवरी ने समय पर मजाक करके सबका दिल जीत लिया. दर्शकों से इस एपिसोड को मिले-जुले रिएक्शन मिले, लेकिन यह नेटफ्लिक्स पर नंबर 1 पर ट्रेंड भी किया. नया सीजन नेटफ्लिक्स और YouTube दोनों पर देखा जा सकता है.
'अल्फा' के बारे में
शिव रवैल द्वारा निर्देशित 'अल्फा' में आलिया भट्ट, शरवरी, अनिल कपूर, बॉबी देओल और अन्य कलाकार मुख्य भूमिकाओं में हैं. यह फिल्म YRF स्पाई यूनिवर्स की सातवीं फिल्म है, जो 'एक था टाइगर', 'टाइगर जिंदा है', 'वॉर', 'पठान', 'वॉर 2' और 'टाइगर 3' के बाद आई है. 'अल्फा' YRF स्पाई यूनिवर्स की पहली महिला-प्रधान फिल्म भी है.
अल्फा का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन
आलिया और शरवरी की फिल्म ने पहले ही दिन भारत से 9.25 करोड़ का कलेक्शन किया था. इसके बाद सैकनिल्क का डेटा बताता है कि दूसरे दिन अल्फा ने बॉक्स ऑफिस पर 11.50 करोड़ का नेट कलेक्शन किया है. अब दो दिन में आलिया की फिल्म का टोटल नेट कलेक्शन 20.75 करोड़ रुपये हो गया है. अब रविवार को कलेक्शन और बढ़ने की उम्मीद है.