Sai Pallavi On Ramayana: रणबीर कपूर की ‘रामायण’ में माता सीता बनने जा रहीं साई पल्लवी ने अपने किरदार को लेकर ऐसी बात कह दी है, जिसने सबका ध्यान खींच लिया है. एक्ट्रेस ने बताया कि जब उन्हें सीता मां का रोल मिला, तो उनके मन में क्या चल रहा था. हैरानी की बात ये है कि इस बार उन्होंने अपने दिमाग से नहीं, बल्कि भक्ति और प्रार्थना के सहारे किरदार निभाने का फैसला किया.
सीता मां का रोल मिला तो साई पल्लवी ने सबसे पहले क्या किया?
नितेश तिवारी की मचअवेटेड फिल्म ‘रामायण’ को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त एक्साइटमेंट है. फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण और रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में नजर आएंगे. इसी बीच साई पल्लवी ने अपने सीता वाले रोल को लेकर एक ऐसा खुलासा किया है, जिसकी चर्चा हो रही है.
दरअसल, साई पल्लवी हाल ही में अमिताभ बच्चन के शो ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ में नजर आईं. शो के एक प्रोमो में बिग बी ने उनसे पूछा कि जब उन्हें पता चला कि वह माता सीता का किरदार निभाने वाली हैं, तो उनके मन में सबसे पहले क्या आया? इस पर साई ने जो जवाब दिया, वह काफी खास था.
‘मैं अपने दिमाग का इस्तेमाल नहीं करना चाहती थी’
साई पल्लवी ने बताया कि आमतौर पर जब वह कोई किरदार निभाती हैं, तो सोचती हैं कि वह उस किरदार के लिए क्या नया कर सकती हैं. लेकिन माता सीता का रोल मिलने के बाद उनकी सोच बिल्कुल बदल गई.
एक्ट्रेस ने कहा- मैं अपने दिमाग का इस्तेमाल नहीं करना चाहती थी. जब भी मैं कोई किरदार निभाती हूं, तो हमेशा सोचती हूं कि मैं उस किरदार के लिए क्या कर सकती हूं. लेकिन पहली बार मैंने सोचा कि माता सीता का किरदार निभाकर मुझे क्या मिलेगा. साई की इस बात से साफ है कि उनके लिए यह किरदार सिर्फ एक फिल्म का रोल नहीं, बल्कि एक बेहद खास अनुभव है.
‘सीता मां, प्लीज मेरे जरिए ये किरदार निभाइए’
साई पल्लवी ने आगे बताया कि वह इस किरदार को लेकर ज्यादा सोच-विचार नहीं करना चाहती थीं. इसके बजाय वह खुद को इस अनुभव के लिए पूरी तरह समर्पित करना चाहती थीं.
उन्होंने कहा- मैं खुद को पूरी तरह पारदर्शी रखना चाहती थी. मैं कुछ भी नहीं सोचना चाहती थी. मैंने बस प्रार्थना की और कहा- सीता मां, प्लीज मेरे जरिए उस किरदार को निभाइए. बस इतना ही. एक्ट्रेस की इस बात ने उनके किरदार के प्रति नजरिए की झलक दिखाई है. जहां कलाकार किसी भूमिका को निभाने के लिए काफी तैयारी करते हैं, वहीं साई ने बताया कि माता सीता के किरदार के लिए उन्होंने प्रार्थना और समर्पण को अहमियत दी.
‘रामायण’ में रणबीर कपूर के साथ दिखेंगी साई पल्लवी
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही ‘रामायण’ भारतीय महाकाव्य को बड़े पर्दे पर नए अंदाज में पेश करने वाली है. फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका निभा रहे हैं.
कहानी भगवान राम के जीवन, माता सीता से विवाह और 14 साल के वनवास के सफर को दिखाएगी. वनवास के दौरान माता सीता और लक्ष्मण भी उनके साथ जाते हैं. इसके बाद रावण की एंट्री कहानी को एक बड़े मोड़ पर ले जाती है. फिल्म के पहले पार्ट के अंत में माता सीता के अपहरण तक की कहानी दिखाई जाने की उम्मीद है, जिसके बाद दूसरे पार्ट में आगे का संघर्ष देखने को मिल सकता है. फिल्म को दो हिस्सों में रिलीज करने की योजना है. इसका पहला भाग 5 नवंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाला है.
फिल्म की स्टारकास्ट को लेकर एक और दिलचस्प अपडेट है. रणबीर कपूर, साई पल्लवी और रवि दुबे अमिताभ बच्चन के साथ ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ के खास दीवाली एपिसोड में नजर आएंगे. ये एपिसोड 29 और 30 अक्टूबर को रात 9 बजे Sony TV और SonyLIV पर प्रसारित होने वाले हैं.