बॉलीवुड स्टार रणबीर कपूर इस साल 'रामायणम्' में नजर आने वाले हैं, जो इंडिया की तरफ से सबसे बड़ी और एपिक फिल्म है. इसे 'दंगल' बनाने वाले नितेश तिवारी डायरेक्ट कर रहे हैं. वहीं ऑस्कर विनिंग VFX कंपनी के मालिक नमित मल्होत्रा फिल्म को प्रोड्यूस कर रहे हैं. हाल ही में प्रोड्यूसर ने अपनी अपकमिंग एपिक फिल्म पर खुलकर बात की.
क्यों हॉलीवुड पर बरसे 'रामायणम्' के प्रोड्यूसर?
नमित मल्होत्रा ने ET Now के इवेंट में 'रामायणम्' के आइडिया पर बात की. उन्होंने बताया कि उन्हें इसे बनाने का ख्याल तब आया, जब उन्होंने हॉलीवुड में इंडिया को सही तरीके से ना दिखाए जाने वाली बात नोटिस की. नमित ने कहा, 'जब मैं हॉलीवुड गया, तो मुझे लगा कि वहां हमारी कोई खास जगह नहीं है. हमारे इतिहास या संस्कृति की कोई सही नुमाइंदगी नहीं थी. पिछले 20 साल से मैं कोशिश कर रहा हूं कि हॉलीवुड में हमारी थोड़ी-बहुत जगह बन जाए.'
'अमेरिका के बाकी क्षेत्रों में जैसे फाइनेंस और मेडिसिन में भारतीय लोग बहुत आगे निकल गए हैं, लेकिन फिल्म इंडस्ट्री में ऐसा नहीं हुआ. वहां वाले हमारी इंडस्ट्री, हमारे इतिहास और संस्कृति की कदर ही नहीं करते थे. ये बात मुझे बहुत परेशान करती थी. खासकर इसलिए कि हम एक उभरता हुआ देश हैं. फिल्मों में हमेशा हमें पीड़ित दिखाया जाता था, जैसे स्लमडॉग मिलियनेयर में. ये मुझे बहुत बुरा लगता था.'
कैसे आया नमित को 'रामायणम्' बनाने का ख्याल?
नमित ने बताया कि हॉलीवुड में इंडिया की इस छवि के कारण ही उन्हें रामायणम् बनाने का आइडिया आया. प्रोड्यूसर ने कहा, 'मैं हमेशा सोचता था कि हमें दुनिया को दिखाना चाहिए कि हम असल में कौन हैं, हम कहां से आए हैं, और हमारा इतिहास कितना समृद्ध और शानदार है. वो तरीके से जो दुनिया ने पहले कभी नहीं देखा. यही वजह बनी कि मुझे लगा रामायणम् हमारी कहानी दिखाने के लिए सबसे सही और परफेक्ट है. इसे दुनिया के सामने गर्व से पेश किया जा सकता है.'
फिल्म 'रामायणम्' इंडिया में बन रही अभी तक की सबसे बड़ी बजट की फिल्म है. इसे 4000 करोड़ में बनाया जा रहा है, जिसका खुलासा खुद नमित ने ही किया था. ये फिल्म दो पार्ट्स में आएगी, जिनका हर एक पार्ट 2000 करोड़ में बनाया जा रहा है. फिल्म के VFX पर उन्हीं की कंपनी DNEG काम कर रही है, जिसके नाम कई सारे ऑस्कर्स रहे हैं.
इस फिल्म में रणबीर कपूर के अलावा रवि दुबे, साई पल्लवी, सनी देओल, अरुण गोविल, लारा दत्ता और यश जैसे एक्टर्स शामिल हैं. वहीं ए आर रहमान और हॉलीवुड के पॉपुलर कंपोजर हांस जिमर ने इसका म्यूजिक बनाया है. 'रामायणम्' का पहला पार्ट इसी साल 2026 की दिवाली पर रिलीज किया जाएगा.