आलिया भट्ट आने वाले दिनों में अल्फा और लव एंड वॉर जैसी बड़ी फिल्मों से इंडस्ट्री के टॉप पर बने रहने के लिए पूरी तरह तैयार हैं. पिछले कुछ सालों में वो लगातार बॉलीवुड की टॉप एक्ट्रेसेस में से एक रही हैं. लेकिन आलिया भट्ट की एंट्री से कुछ दशक पहले उनकी बहन पूजा भट्ट भी इंडस्ट्री की फेवरेट एक्ट्रेस रह चुकी हैं. महेश भट्ट की सबसे बड़ी बेटी पूजा ने 90 के दशक में दिल है कि मानता नहीं, सड़क, चाहत और जख्म जैसी फिल्मों से सिर्फ बॉक्स ऑफिस हिट्स ही नहीं दीं, बल्कि उन्होंने दो नेशनल अवॉर्ड भी जीते थे. अब पूजा ने बताया है कि वो आलिया को अपना 'अपडेटेड वर्जन' क्यों मानती हैं.
'बहुत चालाक हैं आलिया'
पूजा भट्ट ने विक्की ललवानी के साथ एक इंटरव्यू में कहा कि उन्हें आलिया के साथ अपनी कोई तुलना नजर नहीं आती. पूजा ने कहा कि वो दोनों बहुत अलग हैं. 'मेरा भी एक दौर था, अब उनका टाइम है और उनकी अपनी खासियतें हैं. इंडस्ट्री में जगह बनाने का उनका अपना तरीका है जो मुझे नहीं आता था. वो बहुत चालाक हैं. बॉलीवुड में टिकने के लिए जो गेम्स आपको खेलने होते हैं, उन्हें वो खेलने आते हैं और वो ये काम बहुत अच्छे से करती हैं.'
पूजा ने आलिया की फिल्मों और डायरेक्टर्स की चॉइस की जमकर तारीफ की. आगे उन्होंने कहा, 'एक इंसान के तौर पर वो कब बोलना चुनती हैं और कब नहीं. अपनी सच्चाई दुनिया के सामने रखना चाहती हैं या नहीं, ये उनका निजी फैसला है. मैं उन्हें या किसी को ये नहीं बता सकती कि उन्हें जिंदगी कैसे जीनी चाहिए.'
साल 2019 में अपनी सबसे छोटी बहन शाहीन भट्ट के बुक लॉन्च की बात याद करते हुए पूजा ने कहा, 'मैंने तब भी यही कहा था कि तुम जिंदगी में ज्यादा कामयाब इसीलिए हो क्योंकि तुम्हें अच्छी तरह पता है कि दुनिया के सामने बाहर क्या शेयर करना है और क्या छुपा कर रखना है.'
'एक्टर बनने के लिए पैदा हुई हैं राहा'
पूजा ने कहा कि आलिया और रणबीर कपूर की बेटी राहा भी उन्हीं की तरह एक्टिंग की दुनिया में आ सकती है. 'राहा, आलिया, मैं... शाहीन की बात इसलिए नहीं कर रही क्योंकि वो एक्टिंग में नहीं आईं. जब आप एक फोन खरीदते हो, तो हमेशा नए फीचर वाले फोन पर अपग्रेड करते हो. मुझे लगता है कि वो (आलिया) एक अपग्रेडेड मॉडल हैं और उनकी बेटी जब एक्ट्रेस बनने का फैसला करेगी तो वो उनसे भी बेहतर अपग्रेडेड मॉडल होगी!'
जब पूजा से पूछा गया कि क्या राहा आगे चलकर एक्टर बनेंगी? तो उन्होंने कहा, 'वो इसी काम के लिए पैदा हुई है, बशर्ते कि वो नासा साइंटिस्ट न बन जाए! आप उस बच्ची को देखिए, वो कितनी प्यारी है और यह सब जीन्स का कमाल है.' पूजा भले ही राहा को स्क्रीन पर एक्टिंग करते देखना चाहती हैं, लेकिन आलिया ने एक बार कहा था कि वो अपनी बेटी को एक एथलीट के रूप में देखना पसंद करेंगी.
राहा आगे चलकर क्या बनेंगी, ये तो वक्त ही बताएगा. लेकिन फिलहाल आलिया अपनी अगली फिल्म अल्फा में काफी एथलेटिक परफॉरमेंस देने वाली हैं. स्पाई-यूनिवर्स की इस फिल्म में उन्होंने बहुत तगड़ा एक्शन किया है, जैसा कि उनके को-स्टार बॉबी देओल ने हाल ही में बताया था. अल्फा में आलिया का ये खूंखार रूप आगामी 10 जुलाई को फिल्म की रिलीज के साथ थिएटर्स में देखने को मिलेगा.