बॉलीवुड लवर्स को जब वी मेट (2007), रॉकस्टार (2011) और तमाशा (2015) जैसी आइकॉनिक लव स्टोरीज देने वाले डायरेक्टर इम्तियाज अली की नई लव स्टोरी है मैं वापस आऊंगा. इस लव स्टोरी की ट्रेजेडी वो है जो शायद भारत के इतिहास की भी सबसे बड़ी ट्रेजेडी है— भारत और पाकिस्तान का बंटवारा.
भारत में इस फिल्म को खूब पॉजिटिव रिव्यूज मिले हैं और जनता की तारीफों के साथ इसकी ऑडियंस भी बढ़ रही है. मैं वापस आऊंगा उन लोगों को बहुत भावुक कर रही है, जिनके परिवारों की जड़ें इस बंटवारे में सरहद के उस तरफ रह गईं. लेकिन भारत के साथ-साथ अब पाकिस्तान से भी मैं वापस आऊंगा की तारीफें आने लगी हैं. अब एक पाकिस्तानी फिल्ममेकर ने इम्तियाज अली की फिल्म को खूब सराहा है.
पाकिस्तान में ऐड फिल्मों के जाने-माने डायरेक्टर उमर नासिर अली ने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर मैं वापस आऊंगा की तारीफ करते हुए एक पोस्ट शेयर की है.
नम फिल्म्स बैनर तले फिल्में बनाने वाले उमर ने लिखा, 'मैं वापस आऊंगा एक खूबसूरत और बहुत भावुक फिल्म है. यह ऐसी फिल्म है जो खत्म होने के बाद भी लंबे समय तक आपके साथ रहती है.'
उमर ने यह भी बताया कि उनके डायरेक्शन में बन रही अगली फिल्म 'छोड़ आए हम' भी 'बंटवारे, यादों और वापसी के वैसे ही खूबसूरत इमोशन' पर बेस्ड है जो इम्तियाज की फिल्म में हैं. इसलिए वह इस बात को खास तौर पर देखना चाहते थे कि इम्तियाज अली ने भारत-पाकिस्तान बंटवारे को किस तरह पर्दे पर उतारा है. उन्होंने लिखा, 'जैसी उम्मीद थी, यह पूरी तरह इम्तियाज अली की फिल्म है.'
उमर ने खास तौर पर बॉलीवुड के वेटरन एक्टर नसीरुद्दीन शाह की "असाधारण" एक्टिंग और आरती बजाज की एडिटिंग की तारीफ की. उन्होंने इसे "सिनेमेटिक स्टोरीटेलिंग की मास्टरक्लास" बताते हुए कहा कि इससे हर फिल्म स्टूडेंट बहुत कुछ सीख सकता है.
मैं वापस आऊंगा की कहानी एक परिवार की तीन पीढ़ियों की कहानी है. दिलजीत दोसांझ इस फिल्म में एक NRI के रोल में हैं, जिसके दादा भारत में अपनी जिंदगी की आखिरी सांसें गिन रहे हैं. जब उसके दादा जवान थे तो उनके परिवार को, सरगोधा (जो अब पाकिस्तान में है) में अपना घर-बार छोड़कर भारत आने के लिए मजबूर होना पड़ा था. और इस बंटवारे में उनका पहला प्यार अधूरा रह गया था, जिसे वह वापस आने का वादा करके भारत आए थे.
मैं वापस आऊंगा में दिलजीत के दादा का रोल नसीरुद्दीन शाह ने किया है. उनकी जवानी का किरदार वेदांग रैना ने निभाया है और वेदांग की लव इंटरेस्ट के रोल में शरवरी हैं. फिल्म के चारों मेन एक्टर्स के साथ पूरी सपोर्टिंग कास्ट और कहानी की भी खूब तारीफ हो रही है.