Rajasthani Raab Recipe: सर्दियों में नाश्ते में बनाएं राजस्थान की फेमस मक्के की राब, स्वाद के साथ मिलेगी गर्माहट
Rajasthani Raab Recipe: राजस्थान की पारंपरिक मक्के की राब सर्दियों के नाश्ते के नाश्ते में काफी पसंद किया जाता है. मक्के के आटे और छाछ से बनने वाली इस देसी डिश में घी और मसालों का तड़का इसके स्वाद को और बढ़ा देता है. इसे घर पर कम मेहनत में तैयार कर सकते हैं और गरमा-गरम परोस सकते हैं.
Advertisement
X
नाश्ते में बनाएं राजस्थान की फेमस मक्के की राब (Photo- ITG)
Rajasthani Raab Recipe: सुबह के नाश्ते में कुछ ऐसा खाने का मन करता है जो टेस्टी होने के साथ पेट के लिए भी हल्का हो, तो राजस्थान की पारंपरिक डिश मक्के की राब ट्राई कर सकते हैं. इसे उत्तर भारत के कई इलाकों में मक्के की महेरी के नाम से भी जाना जाता है. यह मक्के के आटे और छाछ से तैयार की जाती है.
राजस्थान के ग्रामीण इलाकों में इसे खास तौर पर सर्दियों में बड़े चाव से खाया जाता है. इसे बनाना भी काफी आसान है और इसमें इस्तेमाल होने वाली चीजें आसानी से घर पर मिल जाती हैं. तो आइए जानते हैं मक्के की राब घर पर कैसे बना सकते हैं और इसे बनाने के लिए किन-किन चीजों की जरूरत होती है.
मक्के की राब बनाने के लिए सबसे पहले एक भगोने में मक्के का आटा लें. इसमें थोड़ा-थोड़ा छाछ डालकर अच्छी तरह मिलाएं, ताकि घोल में गांठें न पड़ें. अब इसमें बची हुई छाछ और 1–2 कटोरी पानी डालकर अच्छी तरह मिला लें.
इसके बाद भगोने को गैस पर मध्यम आंच पर रखें. घोल को लगातार चलाते रहें, ताकि वह तले में चिपके नहीं और उसमें गांठें न बनें. जब इसमें उबाल आने लगे तो गैस की आंच धीमी कर दें. अब इसे लगभग 15–20 मिनट तक पकाएं और बीच-बीच में चलाते रहें. जब घोल अच्छी तरह पक जाए और थोड़ा गाढ़ा हो जाए, तो इसमें स्वादानुसार नमक और भुना हुआ जीरा पाउडर मिला दें.
अब राब में तड़का लगाने के लिए एक छोटे पैन में देसी घी गर्म करें. इसमें साबुत जीरा, हींग और अपनी पसंद के अनुसार लाल या हरी मिर्च डालें. जीरा चटकने लगे, तो इस तड़के को राब में डालकर अच्छी तरह मिला दें.
आखिर में ऊपर से बारीक कटा हरा धनिया डालें. तैयार है राजस्थान की पारंपरिक मक्के की राब. इसे गरमा-गरम नाश्ते में परोसें और इसके स्वाद का आनंद लें.