बॉलीवुड की दिग्गज हीरोइन में से एक नीतू कपूर जल्द बड़े पर्दे पर दोबारा नजर आने वाली हैं. उनकी नई फिल्म दादी की शादी 8 मई को थिएटर्स में लग रही है, जिसमें वो अपनी बेटी रिद्धिमा कपूर साहनी के साथ दिखेंगी. ये रिद्धिमा का बॉलीवुड डेब्यू भी है, जिसमें उनकी बेटी समारा का कैमियो होगा.
बीते दिनों मुंबई में फिल्म की स्पेशल स्क्रीनिंग रखी गई जहां इसकी पूरी कास्ट कॉमेडियन कपिल शर्मा, सादिया खातीब समेत सभी लोग मौजूद दिखे. वहां बॉलीवुड सुपरस्टार आमिर खान भी पहुंचे थे, क्योंकि इसमें उनकी बहन निखत खान भी काम कर रही हैं. स्क्रीनिंग के दौरान सभी ने पैप्स को पोज भी दिए, जिसमें नीतू कपूर का एक वीडियो सामने आया.
क्यों पैप्स को देख हैरान हुईं नीतू कपूर?
नीतू कपूर जब पैप्स को सोलो पोज देने आ रही थीं, तब वो कम पैपराजी को देखकर हैरान दिखीं. उन्होंने तुरंत पूछा कि स्क्रीनिंग में इतने कम पैप्स क्यों आए हैं? तो पैप्स ने उन्हें बताया कि इससे पिछले दिन काफी पैप्स थे क्योंकि तब रणबीर कपूर और आलिया भट्ट स्क्रीनिंग में आए थे. फिल्म दादी की शादी के मेकर्स ने मंगलवार और बुधवार, दोनों दिन स्क्रीनिंग रखी थी जिसमें रणबीर-आलिया पहुंचे थे.
पैप्स का जवाब सुनकर नीतू ने कहा कि क्या वो कुछ नहीं हैं. जिसपर पैप्स ने उन्हें भरोसा दिलाया कि ऐसी कोई बात नहीं है. थोड़ी देर में वहां नीतू कपूर के साथ उनकी बेटी रिद्धिमा भी खड़ी हो गईं और फोटोज क्लिक कराने लगीं. अब नीतू कपूर की बातें सुनकर कुछ लोगों को बुरा लगा है.
एक यूजर ने कहा है कि नीतू कपूर जैसी वेटरन एक्ट्रेस की स्माइल और स्टाइल अभी तक उन्हें काफी अच्छा लगता था. लेकिन क्या अब उन्हें भी सोशल मीडिया और पैपराजी अटेंशन की जरूरत पड़ गई है? हालांकि कई लोगों ने पैप्स को भी दोष दिया, जो उन्हें ज्यादा से ज्यादा कैप्चर करने नहीं पहुंची.
बात करें फिल्म दादी की शादी की, तो इसे आशीष आर मोहन ने डायरेक्ट और कपिल शर्मा ने प्रोड्यूस किया है. इसमें योगराज सिंह, साउथ एक्टर आर सरथकुमार और तेजस्विनी कोल्हापुरे जैसे एक्टर्स हैं.