इम्तियाज अली की फिल्म मैं वापस आऊंगा ने सुस्त शुरुआत के बाद बॉक्स ऑफिस पर ऐसी वापसी की है कि ट्रेड पंडित हैरान हैं. पहले हफ्ते के मुकाबले दूसरे हफ्ते में किसी फिल्म का कलेक्शन 80% से ज्यादा बढ़ जाना बहुत असाधारण बात है. लेकिन तीसरे हफ्ते में मैं वापस आऊंगा के सामने एक बहुत बड़ा रिस्क बनकर आई अक्षय कुमार की मल्टीस्टारर कॉमेडी वेलकम टू द जंगल.
इस शुक्रवार इस बड़ी फिल्म के आने और इसे मिले पॉजिटिव रिस्पॉन्स से लगा कि शायद मैं वापस आऊंगा का खेल अब फीका पड़ जाएगा. लेकिन इम्तियाज की फिल्म कोई खेल खेलने नहीं, खेल पलटने के मूड में है.
अक्षय की कॉमेडी फिल्म वेलकम टू द जंगल की धमाकेदार एंट्री के सामने मैं वापस आऊंगा जैसी सीरियस और इमोशनल कहानी का भविष्य बहुत मजबूत नहीं लग रहा था. पहले हफ्ते में 12.25 करोड़ रुपये का कलेक्शन करने वाली मैं वापस आऊंगा ने तगड़े जंप के साथ दूसरे हफ्ते में 22.55 करोड़ रुपये कमा डाले. गुरुवार तक 14 दिनों में यह फिल्म करीब 35 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर चुकी थी. ऐसे में नई, बड़ी फिल्म के सामने इसका स्लो पड़ना कोई हैरानी की बात नहीं होती, मगर इसने तो धमाका कर दिया.
सैकनिल्क के आंकड़े बताते हैं कि मैं वापस आऊंगा ने अपने तीसरे शुक्रवार को बॉक्स ऑफिस पर 2.85 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है, जबकि नई फिल्म आने की वजह से इसके करीब 700 शोज कम हुए हैं. पहले शुक्रवार को इस फिल्म ने 1.15 करोड़ रुपये और दूसरे शुक्रवार को 1.90 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था.
पिछले शुक्रवार के मुकाबले मैं वापस आऊंगा ने इस शुक्रवार को करीब 50% ज्यादा कलेक्शन किया है. यह कलेक्शन इतना बताने के लिए पर्याप्त है कि इम्तियाज अली की फिल्म स्लो पड़ने की बजाय, तीसरे वीकेंड में और तगड़ी रफ्तार पकड़ रही है. इस हिसाब से शनिवार को इस फिल्म का कलेक्शन 40 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर जाएगा.
70 करोड़ रुपये के रिपोर्टेड बजट में बनी इस फिल्म का बिजनेस देखकर एक वक्त लोगों को लग रहा था कि शायद यह फ्लॉप हो जाएगी, लेकिन अनुमानों से ठीक उलट, हर नए वीकेंड में यह फिल्म पिछले वीकेंड से ज्यादा दर्शक बटोर रही है. अब देखना है कि इस वीकेंड इम्तियाज की फिल्म और क्या कमाल करती है.