लेजेंडरी एक्टर धर्मेंद्र आज हमारे बीच नहीं हैं. लेकिन उनकी यादें चाहकर भी मिट नहीं सकतीं. परिवार को आज भी धर्मेंद्र की याद सताती है. हेमा मालिनी ने बताया कि वो नहीं जानती आगे की जिंदगी धर्मेंद्र के बिना कैसे काटेंगी. बेटे सनी-बॉबी देओल भी पिता को याद करते हुए रोने लगते हैं. हेमा का एक नया वीडियो सामने आया है जिसमें वो पति को याद कर भावुक होती नजर आईं.
इमोशनल हुईं हेमा मालिनी
एक इवेंट में पहुंचीं हेमा ने धर्मेंद्र को लेकर बात की. उनके शानदार फिल्मी करियर और जिस तरह से हीमैन ने अपने रिश्तों को जिया था, उसका जिक्र किया. हेमा का एक वक्त पति के बारे में बोलते हुए गला भी भर आया था. उन्होंने अपने इमोशंस को छिपाने की काफी कोशिश की. लेकिन अपना दर्द छिपा नहीं सकीं.
वो कहती हैं- धर्मेंद्र की जिंदगी का सफर जुनून, समर्पण और दर्शकों के लिए भरपूर प्यार से भरा हुआ था. वे हमेशा कहते थे कि फिल्म दिल से दिल तक जुड़ने का जरिया है. फिल्मों में काम करने को लेकर वो पैशनेट थे. कैमरा के सामने होना वो पसंद करते थे. उनकी लाइफ पार्टनर होने के नाते, मैं देख सकती थी कि उनमें कितना जुनून था. अपनी शानदार एक्टिंग और हर किसी के साथ अच्छे व्यवहार के कारण उन्होंने लाखों लोगों के दिल जीते. बतौर एक्टर, दोस्त और पिता के रूप में उन्होंने नई पीढ़ी को प्रेरित किया. वो महान इंसान थे. मैं खुशकिस्मत रही कि उनके साथ रहने का मौका पाया. मैं उनके साथ थी. अब मैं उन्हें बहुत ज्यादा याद करती हूं. वो यहां पर नहीं हैं. मैं नहीं जानती, उनके बिना अपनी पूरी जिंदगी कैसे काटूंगी.
ये पहली बार नहीं है जब पति के बारे में बोलते हुए एक्ट्रेस इमोशनल हुई हों. दोनों का रिश्ता अटूट था. अक्सर हेमा सोशल मीडिया पर पति को याद करते हुए पोस्ट शेयर करती हैं. थ्रोबैक फोटोज को साझा कर वो फैंस को नॉस्टैल्जिया फील कराती हैं. धर्मेंद्र की मौत 24 नवंबर 2025 को हुई थी. वो उम्र से जुड़ी बीमारियों से जूझ रहे थे. उनका जाना फिल्म इंडस्ट्री के लिए बड़ी क्षति है.